Graha Gochar October 2026: ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों की चाल और उनके गोचर का मानव जीवन के साथ-साथ देश-दुनिया पर गहरा असर पड़ता है. अक्टूबर का महीना ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद हलचल भरा रहने वाला है. पाल बालाजी ज्योतिष संस्थान (जयपुर-जोधपुर) के निदेशक, भविष्यवक्ता एवं कुंडली विश्लेषक डा. अनीष व्यास के अनुसार, इस माह सूर्य और देवगुरु बृहस्पति राशि परिवर्तन करेंगे, जबकि शुक्र और बुध वक्री होने के साथ-साथ उदय और अस्त भी होंगे.
इसके साथ ही मीन राशि में शनि वक्री अवस्था में बने रहेंगे, जबकि राहु कुंभ में और केतु सिंह राशि में विराजमान रहेंगे. ग्रहों के इस महाफेरबदल से कई दुर्लभ शुभ योग भी बनेंगे, जिनका प्रभाव सभी 12 राशियों और वैश्विक व्यवस्था पर देखने को मिलेगा.
अक्टूबर में ग्रहों के बड़े गोचर और उनकी स्थिति
सूर्य गोचर (17 अक्टूबर): ग्रहों के राजा सूर्य 17 अक्टूबर की शाम 7:50 बजे अपनी नीच राशि तुला में प्रवेश करेंगे. सूर्य का यह गोचर जातक के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है. विशेष रूप से तुला राशि वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि इस दौरान झूठे आरोप, अपयश और स्वास्थ्य समस्याएं (विशेषकर सिरदर्द, बुखार, आंख व हृदय संबंधी) परेशान कर सकती हैं.
गुरु गोचर (31 अक्टूबर): देवगुरु बृहस्पति 31 अक्टूबर को कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश करेंगे. ज्ञान, शिक्षा, संतान, धर्म और विस्तार के कारक गुरु का यह राशि परिवर्तन कई राशियों के करियर, आर्थिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगा.
शुक्र की वक्री व अस्त-उदय स्थिति: 3 अक्टूबर को दोपहर 12:44 बजे शुक्र अपनी स्वराशि तुला में वक्री हुए. इसके बाद 14 अक्टूबर को रात 12:18 बजे शुक्र पूर्व दिशा में अस्त होंगे और 28 अक्टूबर को सुबह 7:36 बजे पश्चिम दिशा में उदय होंगे. 24 अक्टूबर को शुक्र चित्रा नक्षत्र में भी प्रवेश करेंगे. इस दौरान दांपत्य जीवन, प्रेम संबंध और भौतिक सुख-सुविधाओं में उतार-चढ़ाव रह सकता है.
बुध की वक्री व अस्त स्थिति: बुद्धि और व्यापार के कारक बुध 24 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे वक्री होंगे. इसके बाद 28 अक्टूबर को सुबह 6:32 बजे पश्चिम दिशा में अस्त होंगे. बुध के वक्री रहने के दौरान कागजी कामकाज, बातचीत और व्यापारिक समझौतों में विशेष सतर्कता बरतनी होगी.
अक्टूबर में बनने वाले 5 प्रमुख ज्योतिषीय योग
त्रिग्रही योग: 4 से 6 अक्टूबर के बीच कर्क राशि में चंद्रमा, मंगल और बृहस्पति की युति से यह योग निर्मित हुआ, जो कई राशियों के लिए विशेष प्रभावशाली रहा.
बुधादित्य योग: 17 अक्टूबर को सूर्य के तुला राशि में गोचर करते ही वहां पहले से मौजूद बुध के साथ युति बनेगी, जिससे बुधादित्य योग का निर्माण होगा. यह योग मान-सम्मान और बौद्धिक कार्यों के लिए उत्तम माना जाता है.
लक्ष्मी नारायण योग: तुला राशि में बुध और शुक्र की युति से लक्ष्मी नारायण योग बनेगा. यह योग धन, व्यापार, कला और भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि करता है.
मालव्य योग: शुक्र के अपनी स्वराशि तुला में विराजमान रहने से पंच महापुरुष योगों में शामिल 'मालव्य योग' प्रभावी रहेगा, जो भौतिक समृद्धि, कला और आकर्षण को बढ़ाता है.
शुक्रादित्य योग: 17 अक्टूबर से तुला राशि में सूर्य और शुक्र की युति से शुक्रादित्य योग बनेगा, जो 6 नवंबर तक प्रभावी रहेगा. यह करियर और रचनात्मक क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा.
देश-दुनिया और बाजार पर प्रभाव: बड़े उलटफेर के संकेत
डा. अनीष व्यास के अनुसार, ग्रहों की इस हलचल का व्यापक सामाजिक, राजनीतिक और प्राकृतिक प्रभाव देखने को मिलेगा:
राजनीति में फेरबदल: देश की राजनीति में बड़े स्तर पर परिवर्तन देखने को मिलेंगे. युवाओं और नए चेहरों को मौका मिलेगा, जबकि कुछ वरिष्ठ नेताओं को नुकसान उठाना पड़ सकता है. शासन-प्रशासन और राजनीतिक दलों में तीखा टकराव बढ़ेगा.
अंतरराष्ट्रीय व आंतरिक सुरक्षा: पड़ोसी देशों से तनाव बढ़ने और वाद-विवाद की आशंका है. देश के भीतर चोरी-डकैती, अपहरण और दुष्कर्म जैसी अप्रिय घटनाओं में वृद्धि से तनाव का माहौल बन सकता है.
प्राकृतिक आपदाएं व दुर्घटनाएं: भूकंप, आगजनी, तूफान, भारी बारिश, भूस्खलन, बाढ़, पुल-सड़क टूटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं की आशंका है. इसके अलावा बस, रेल, समुद्री जहाज और वायुयान से जुड़ी बड़ी दुर्घटनाओं तथा खदान हादसों का खतरा रहेगा. किसी प्रसिद्ध हस्ती के निधन के भी योग हैं.
अर्थव्यवस्था व बाजार: शेयर बाजार और व्यापार को लाभ होगा. किसानों के लिए समय अच्छा रहेगा और अन्न उत्पादन बढ़ेगा. लोहा, इस्पात, मेडिकल और केमिकल्स से जुड़े कारोबार में तेजी आएगी. रोजगार के नए अवसर बनेंगे और आय में वृद्धि होगी. हालांकि, पेट्रोल-डीजल के दाम, सोने की कीमतें, विदेशी मुद्रा विनिमय, महंगाई और टैक्स में उतार-चढ़ाव रहेगा.
स्वास्थ्य स्थिति: नई और पुरानी बीमारियों के साथ-साथ आंखों व त्वचा से संबंधित रोगों और संक्रमण में वृद्धि हो सकती है.
अशुभ प्रभावों से बचाव के ज्योतिषीय उपाय
ग्रहों के इस संक्रमण काल में नकारात्मक प्रभावों से बचने के लिए डा. अनीष व्यास ने निम्नलिखित उपाय सुझाए हैं:
मंत्र जप: नियमित रूप से हं हनुमते नमः, ऊँ नमः शिवाय, और हं पवननंदनाय स्वाहा मंत्रों का जप करें. महामृत्युंजय मंत्र और दुर्गा सप्तशती का पाठ करना भी बेहद कल्याणकारी रहेगा.
दीपक व दान: प्रतिदिन सुबह और शाम हनुमान जी के समक्ष सरसों के तेल का दीपक प्रज्वलित करें. शाम 7:00 बजे के बाद हनुमान मंदिर में जाकर लाल मसूर की दाल अर्पित करें.
भोग व आराधना: हनुमान जी को मीठे पान और दो बूंदी के लड्डुओं का भोग लगाएं. माता दुर्गा, भगवान शिव और संकटमोचन हनुमान जी की संयुक्त आराधना से सभी प्रकार के ग्रह दोष शांत होते हैं.
नवरात्रि 11 अक्टूबर से, फिर बंगाल में दुर्गा पूजा 16 से क्यों शुरू? समझें तारीखों का पूरा खेल
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.




