बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव से जुड़ा विवाद एक बार फिर चर्चा में है. लंबे समय बाद अनुष्का यादव
पहली बार मीडिया के सामने आईं. उन्होंने तेज प्रताप के साथ चल रहे विवाद पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि वह तेज प्रताप के पोस्ट और ट्वीट पर ध्यान नहीं देती हैं. उनके पास इन सब चीजों के लिए समय नहीं है. उनकी पूरी दुनिया उनकी बेटी है. उन्होंने तेज प्रताप के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की.
अनुष्का यादव नवरात्रि के दौरान पटना में एक कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए पहुंची थीं. इसी दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की. तेज प्रताप से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि वह उनके पोस्ट और ट्वीट को नोटिस नहीं करती हैं. उन्होंने कहा कि उनकी एक बेटी है और उनका पूरा समय उसी के साथ बीतता है. विवाद को लेकर उन्होंने ज्यादा कुछ कहने से इनकार कर दिया.
यह भी पढ़ें- बिहार में ही मिलेगी नौकरी! जानें क्या है सीएम सम्राट का टारगेट 2030?
‘तेज प्रताप हमारे घर आए थे’
तेज प्रताप यादव के उनके घर पहुंचने से जुड़े सवाल पर अनुष्का ने कहा कि उस समय उनके भाई घर पर नहीं थे. उन्होंने दावा किया कि तेज प्रताप उनके घर आए थे और अंदर घुसने की कोशिश की थी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जो कुछ हुआ, वह उनके परिवार का मामला है. कहा कि वह खुद ही चीजों को खारिज करते हैं फिर एक्सेप्ट भी करते हैं. इस बयान से विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
बेटी के साथ डांडिया कार्यक्रम में पहुंचीं
अनुष्का यादव अपनी बेटी उज्जैनी के साथ डांडिया क्लास में शामिल होने पहुंची थीं. उन्होंने बताया कि यह उनके परिवार का कार्यक्रम था. विशाल भैया ने उन्हें आमंत्रित किया था. उन्होंने सभी को नवरात्रि और दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं भी दीं.
चुनाव से पहले वायरल हुई थीं तस्वीरें
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव की कथित साथ की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. एक वीडियो में दोनों शादी करते हुए दिखाई दिए थे. इसके बाद बिहार की राजनीति में विवाद बढ़ गया था. लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को परिवार और पार्टी से अलग करने का ऐलान किया था. बाद में तेज प्रताप ने इस रिश्ते को लेकर अलग-अलग बयान दिए. अब अनुष्का के बयान के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में है.
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर में RJD सांसद की बढ़ी टेंशन! सीनियर IPS ने भेजा नोटिस




