संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश के प्रधानमंत्रियों की मुलाकात हुई. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 24 सितंबर को न्यूयॉर्क में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच रिश्तों को और मजबूत करने पर चर्चा की.
मुलाकात के बाद शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बातचीत को गर्मजोशी भरी और दोस्ताना बताया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, शिक्षा, पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क को और बढ़ाने पर सहमति बनी है. दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए. इसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र जैसे बहुपक्षीय मंचों पर दोनों देशों के बीच करीबी तालमेल बनाए रखने की बात कही गई.
Had a warm and most cordial exchange with H.E. Mr Tarique Rahman, Prime Minister of Bangladesh, on the margins of UNGA in New York, this morning.
— Shehbaz Sharif (@CMShehbaz) September 24, 2026
In our most useful discussion, Prime Minister Rehman and I agreed to further deepen Pakistan-Bangladesh bilateral cooperation in… pic.twitter.com/qLLq9O3hQ1
बांग्लादेश ने भी रिश्ते मजबूत करने की इच्छा जताई
बांग्लादेश की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, तारिक रहमान ने पाकिस्तान के साथ संबंधों की मौजूदा स्थिति पर संतोष जताया. दोनों नेताओं ने आपसी सम्मान, समझ और सहयोग के आधार पर रिश्तों को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया. साथ ही साझा मुद्दों पर नियमित बातचीत और संपर्क बनाए रखने की बात कही. बैठक में दोनों देशों के बीच सहयोग के संभावित क्षेत्रों और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर भी चर्चा हुई.
शहबाज शरीफ ने बांग्लादेश को दी बधाई
शहबाज शरीफ ने बांग्लादेश को 81वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र की अध्यक्षता संभालने पर बधाई दी. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए बांग्लादेश के प्रयासों को पाकिस्तान के समर्थन की बात भी कही. बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान 81वें UNGA के अध्यक्ष हैं. इस जिम्मेदारी के लिए भी शहबाज शरीफ ने बधाई दी.
भारत के संदर्भ में क्यों अहम है यह मुलाकात?
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच रिश्तों में हाल के समय में संपर्क बढ़ा है. 24 सितंबर की बैठक भी इसी बढ़ते संवाद के बीच हुई है. दोनों देशों ने अब व्यापार, निवेश, यात्रा, शिक्षा और दूसरे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई है.
मक्का पैक्ट को लेकर बांग्लादेश का रूख
सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किए के बीच हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते को लेकर बांग्लादेश ने सकारात्मक रुख दिखाया है. बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि अगर इस समझौते में शामिल होने का निमंत्रण मिलता है तो ढाका इस पर विचार करेगा. हालांकि, अभी बांग्लादेश को समझौते के मौजूदा सदस्यों की ओर से कोई औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला है. सऊदी अरब, तुर्किए और पाकिस्तान ने 7 अगस्त 2026 को मक्का में संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. इस समझौते के तहत किसी एक सदस्य देश पर सशस्त्र हमला होने की स्थिति में उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा.




