बेंगलुरु में पाकिस्तानी ड्रामों की स्क्रीनिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. शहर में 28 नवंबर और 5 दिसंबर को दो अलग-अलग कार्यक्रमों में पाकिस्तानी ड्रामे दिखाए जाने की तैयारी है. इनमें से एक कार्यक्रम के इनविटेशन में मेहमानों से पाकिस्तानी वेशभूषा पहनकर आने की अपील भी की गई है.
इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक यूजर ने आपत्ति जताई है. वहीं, मामला सामने आने के बाद अब बेंगलुरु पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच के निर्देश दिए हैं. पुलिस ने मामले को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा है.
आयोजन और इनविटेशन को लेकर विवाद
दरअसल, ये मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने इन दोनों कार्यक्रमों की जानकारी शेयर की.
यूजर ने बताया कि बेंगलुरु में 28 नवंबर और 5 दिसंबर को अलग-अलग जगहों पर पाकिस्तानी ड्रामों की स्क्रीनिंग होगी. विवाद तब बढ़ गया जब एक कार्यक्रम के इनविटेशन में मेहमानों से पाकिस्तानी कपड़े पहनकर आने के लिए कहा गया.
यूजर ने अपनी पोस्ट में आयोजकों के इस फैसले पर सवाल उठाए. उन्होंने लिखा कि आयोजक पाकिस्तानी ड्रामे दिखाने के साथ ही लोगों को उनमें नजर आने वाले पाकिस्तानी किरदारों को अपना आदर्श मानने के लिए कह रहे हैं. इसके अलावा, लोगों को पाकिस्तानी कपड़े पहनकर आने के लिए भी कहा जा रहा है. यूजर ने इस तरह के कार्यक्रमों पर नाराजगी जताई और पुलिस से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की.
पुलिस ने पोस्ट पर दिया जवाब
यूजर की पोस्ट के बाद बेंगलुरु पुलिस ने भी जवाब दिया. पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल से संबंधित थाने और सेंट्रल डिवीजन के डीसीपी को टैग किया गया. साथ ही उनसे मामले को देखने और जरूरी कार्रवाई करने के लिए कहा गया. हालांकि, अभी तक पुलिस ने इस मामले में आगे क्या कदम उठाए हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं, आयोजकों की ओर से भी इस विवाद पर कोई बयान सामने नहीं आया है.
कब-कहां और किस शो की होगी स्क्रीनिंग?
दोनों कार्यक्रमों में पाकिस्तानी ड्रामा 'दार-ए-निजात' की स्क्रीनिंग रखी गई है. इस शो में शहरयार मुनव्वर और दुरेफिशान सलीम मुख्य भूमिका में हैं. इसकी पहली स्क्रीनिंग 28 नवंबर को बेंगलुरु के फ्रेजर टाउन स्थित 'शीश कबाब' में होगी. वहीं, दूसरी स्क्रीनिंग 5 दिसंबर को जयमहल एक्सटेंशन के 'मोवी प्राइवेट थिएटर' में होगी.
दोनों कार्यक्रमों के इनविटेशन में शो के किरदार अबू बक्र और जरयाब की थीम का जिक्र है. साथ ही मेहमानों से पाकिस्तानी कपड़े पहनकर आने के लिए भी कहा गया है. इसी बात को लेकर विवाद हो रहा है.




