सुल्तानपुर में दो घरों में ग्रिल काटकर घुसे चोर:लाखों के जेवर और नकदी उड़ाई, सीओ और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य
सुल्तानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के बेदूपारा गांव में चोरों ने एक के बाद दो घरों को निशाना बनाया। चोर खिड़की की ग्रिल काटकर घरों में दाखिल हुए और लाखों रुपए के जेवरात व हजारों की नकदी लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर, इंस्पेक्टर धीरज कुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थ

सुल्तानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के बेदूपारा गांव में चोरों ने एक के बाद दो घरों को निशाना बनाया। चोर खिड़की की ग्रिल काटकर घरों में दाखिल हुए और लाखों रुपए के जेवरात व हजारों की नकदी लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर, इंस्पेक्टर धीरज कुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले बेदूपारा निवासी राजनाथ यादव उर्फ गुड्डू के घर में चोरी की। चोर घर के पीछे की खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसे और कमरों में रखा सामान खंगाल डाला। यहां से लाखों रुपए कीमत के जेवरात और हजारों की नकदी चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने गांव के ही शिक्षक जितेंद्र तिवारी के घर को निशाना बनाया। उनके घर से भी जेवरात और नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। रात 2:45 बजे पत्नी की खुली नींद, बिखरा मिला सामान राजनाथ यादव के मुताबिक, घटना रविवार देर रात करीब 12 बजे की है। चोर घर के पीछे की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए थे। रात करीब 2:45 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बंद मिला, जो आमतौर पर खुला रहता था। शक होने पर उन्होंने पति को जगाया। कमरे में जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। घटना के समय गुड्डू और उनकी पत्नी बगल के कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी मां आंगन में और भाई रामलौट यादव घर के बाहर सो रहे थे। रात में ही डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। सीओ बोले- तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई सोमवार सुबह सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर, इंस्पेक्टर धीरज कुमार और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की। सीओ ऋतिक कपूर ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गई है। पीड़ितों की ओर से तहरीर दी जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही है।
समाचार स्रोत
यह खबर dainik bhasker category से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗


