बिहार एमएलसी चुनाव में सारण शिक्षक सीट से जेडीयू प्रत्याशी आनंद पुष्कर की हार पर उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के विधायक माधव आनंद का बड़ा बयान आया है. उन्होंने इशारों-इशारों में बीजेपी पर हमला किया है. माधव आनंद ने मंगलवार (03 नवंबर, 2026) को एबीपी न्यूज़ से बातचीत में सवाल उठाया कि हम किससे हारे जो कुछ दिनों पहले तक बीजेपी में थे, इस पर समीक्षा होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि वे एनडीए की बैठक में अपनी बात रखेंगे. सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय जीतने वाले राहुल राज को लेकर सवाल उठाया कि जब वह बीजेपी से छह साल के लिए निष्कासित हुए तो चुनाव के बाद ही कैसे बीजेपी की बैठक में शामिल हुए?
'दूसरे नंबर पर भी नहीं रहते आनंद पुष्कर'
माधव आनंद ने कहा कि एनडीए के उम्मीदवार आनंद पुष्कर जीतें इसके लिए हम लोगों ने भी बहुत मेहनत की थी. जो परिणाम आया वो चिंता का विषय है. हमारी पार्टी के कार्यकर्ता रहे रामपुकार सिन्हा चुनाव में खड़े हुए थे. हम लोग भी उनके नामांकन में गए थे, लेकिन बाद में हम लोगों के कहने पर उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया. आनंद पुष्कर के समर्थन में खुद रामपुकार सिन्हा प्रचार कर रहे थे. अगर रामपुकार सिन्हा चुनाव मैदान में रहते तो आनंद पुष्कर की हालत और ज्यादा खराब होती. वह दूसरे नंबर पर नहीं रहते.
यह भी पढ़ें- क्राइम और अपराध में उलझ गए CM सम्राट! क्या बोले चिराग पासवान?
'...तो हम अपनी राय रखेंगे'
उन्होंने आगे कहा कि एनडीए के सब लोग बैठेंगे तो हम अपनी राय रखेंगे. हम लोग तो गंभीरता से चुनाव प्रचार में लगे रहे, लेकिन हार हुई और किससे हारे हैं यह सबको पता है कि जो उम्मीदवार जीते हैं उनका संबंध बीजेपी से रहा है.
माधव आनंद ने कहा कि हम लोग पढ़े-लिखे विधायक हैं. संविधान में क्या नियम है वह जानते हैं. अब डॉ. राहुल राज बीजेपी में शामिल हुए हैं कि नहीं, लेकिन फोटो को हम लोगों ने भी देखा है. उन्होंने पूछा कि वह बीजेपी की बैठक में क्यों गए थे? किस वजह से गए थे? अभी यह सब बोलना उचित नहीं है, लेकिन बैठक में इन सब बातों पर चर्चा होगी.
बता दें कि सारण शिक्षक सीट से निर्दलीय एमएलसी प्रत्याशी राहुल राज की जीत हुई थी. नतीजों के बाद उन्होंने बीजेपी को समर्थन दे दिया. इसके बाद से सियासी बवाल जारी है.
यह भी पढ़ें- 'सम्राट चौधरी CM हैं, मुख्यमंत्री नहीं', प्रशांत किशोर की पार्टी ने ली चुटकी



