उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बिहार के राजनीतिक दलों ने यूपी में अपनी जमीन मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यूपी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है. इससे पहले बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भी उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी JDU का संगठन मजबूत करने और NDA के साथ चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. दोनों नेताओं के बयानों से यूपी की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है.
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पटना में मंगलवार (03 नवंबर, 2026) को मीडिया से कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने बताया कि परसों काशी में पार्टी की बड़ी सभा होने जा रही है. इसके अलावा पार्टी का स्थापना दिवस 28 नवंबर को लखनऊ में मनाया जाएगा. चिराग ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम चल रहा है.
यह भी पढ़ें- 'सम्राट चौधरी CM हैं, मुख्यमंत्री नहीं', प्रशांत किशोर की पार्टी ने ली चुटकी
मजबूत दावेदार के रूप में उतरने की तैयारी
चिराग पासवान ने कहा कि चुनाव नजदीक आने तक उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में मजबूत दावेदार के रूप में सामने आएगी. उन्होंने भरोसा जताया कि LJP (रामविलास) विधानसभा चुनाव में एक मजबूत विकल्प के तौर पर खुद को पेश करेगी. पार्टी की गतिविधियां बढ़ाने के लिए यूपी में सभाएं और संगठनात्मक कार्यक्रम किए जा रहे हैं.
#WATCH पटना (बिहार): केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आगामी उत्तर प्रदेश चुनावों के लिए LJP (राम विलास) की तैयारी पर कहा, "यूपी के लिए हम 100% तैयार हैं, परसों काशी में एक बड़ी सभा है और इस बार पार्टी की स्थापना दिवस 28 नवंबर को होने जा रहा है वो हम लखनऊ में करेंगे। मजबूत तैयारी चल रही है मैं मानता हूं कि चुनाव पास आते-आते हमारी पार्टी मजबूत दावेदार के तौर पर और मजबूत विकल्प के तौर पर अपने आपको उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रस्तुत करेगी।"
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 3, 2026
निशांत कुमार ने भी यूपी में संगठन बढ़ाने की जताई इच्छा
बता दें कि इससे पहले एक नवंबर को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मुगलसराय पहुंचे थे. उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और यूपी में पार्टी का संगठन मजबूत करने की बात कही थी. निशांत ने कहा था कि उनकी पार्टी की मौजूदगी केवल बिहार तक सीमित नहीं है. देश के दूसरे हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों में भी संगठन काम कर रहा है.
NDA के साथ चुनाव लड़ने की इच्छा
निशांत कुमार ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने की मंशा जाहिर की थी. उन्होंने NDA के घटक दल के रूप में यूपी में चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई है. चिराग पासवान और निशांत कुमार के बयानों से साफ है कि बिहार के सहयोगी दल यूपी में अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने की तैयारी में हैं. हालांकि, सीटों के बंटवारे और चुनावी गठबंधन को लेकर अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें- हुमायूं कबीर की हाईवे जाम करने की धमकी पर भड़की BJP, संजय सरावगी ने दी खुली चेतावनी



