अघोरी के भेष में बाबा ने कारोबारी से की ठगी,CCTV:झांसी में भभूत लगाई, फिर 10 ग्राम सोना और नगदी लेकर फरार
झांसी में अघोरी के भेष में आए एक शख्स ने सर्राफा कारोबारी से करीब 1.67 लाख रुपए की ठगी कर ली। कारोबारी दुकान में अकेला बैठा था। तभी गले में फूलों की माला, माथे पर काला टीका और शरीर पर राख लगाए शख्स वहां पहुंचा। शख्स ने कारोबारी से पायल दिखाने को कहा। इसके बाद वह धीरे-धीरे कारोबारी के भविष्य और पुरानी घटनाओं के बारे में बताने लगा।

झांसी में अघोरी के भेष में आए एक शख्स ने सर्राफा कारोबारी से करीब 1.67 लाख रुपए की ठगी कर ली। कारोबारी दुकान में अकेला बैठा था। तभी गले में फूलों की माला, माथे पर काला टीका और शरीर पर राख लगाए शख्स वहां पहुंचा। शख्स ने कारोबारी से पायल दिखाने को कहा। इसके बाद वह धीरे-धीरे कारोबारी के भविष्य और पुरानी घटनाओं के बारे में बताने लगा। बातचीत के दौरान उसने कारोबारी के माथे पर भभूत लगाई और उसे अपनी बातों में उलझाए रखा। बातचीत के दौरान कारोबारी ने उसे 10 ग्राम सोना और 50 हजार रुपए की गड्डी दी। शख्स ने गड्डी में से 17 हजार रुपए निकाल लिए और बाकी पैसे वापस कर दिए। इसके बाद सोना लेकर दुकान से फरार हो गया। घटना बुधवार दोपहर मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के सर्राफा बाजार की है। यहां गांधीगंज निवासी संतोष रायकवार की एएमजे ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। घटना का CCTV फुटेज गुरुवार को सामने आया। पीड़ित कारोबारी ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है। देखिए 3 तस्वीरें… अब पढ़िए, CCTV फुटेज में क्या दिखा? घटना का 6.22 मिनट का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें संतोष दुकान में बैठे नजर आ रहे हैं। सामने अघोरी बाबा मंत्र पढ़ रहा है। कुछ देर बाद संतोष गल्ले से एक पुड़िया निकालकर उसे देते हैं। कारोबारी के मुताबिक, इसमें 10 ग्राम सोना था। बाबा पुड़िया लेकर मंत्र पढ़ता है। इसी दौरान संतोष उठकर जाने लगते हैं, लेकिन बाबा उन्हें बैठा देता है। इसके बाद पुड़िया लौटाते हुए आशीर्वाद देता है और उनके सिर को चूमता है। परिवार की बातें बताकर भरोसे में लिया बाबा संतोष का नाम पूछता है और परिवार से जुड़ी बातें बताता है। वह कहता है- दो भाई हैं, एक बहन है, शादी हो गई है और एक बच्चा है। संतोष हर बात पर हां में जवाब देते हैं। इसके बाद बाबा कहता है- जहां से धन निकाला था, वहां माया है। दर्शन कराओ। संतोष गल्ला खोलकर 10 रुपए देते हैं, लेकिन बाबा लेने से मना कर देता है। फिर 500 रुपए की गड्डी दिखाने पर वह उसे हाथ में ले लेता है। बाबा गड्डी पर फूंक मारता है और उसमें से 17 हजार रुपए निकाल लेता है। बाकी रकम संतोष को वापस कर देता है। इसके बाद झोली से कुछ निकालकर रुपयों में डालता है और कारोबारी के सिर पर भभूत लगाता है। फिर वह संतोष से कहता है- बोलो- खा जा। इसके बाद रुपयों को खाने का ड्रामा करता है। आखिर में जयकारे लगाते हुए दुकान से चला जाता है। कारोबारी ने सम्मोहन का जताया शक बाबा के जाने के बाद संतोष ने घरवालों और आसपास के दुकानदारों को बुलाया। कुछ देर बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और कार्रवाई के लिए तहरीर दी। संतोष ने बताया कि उन्हें कुछ देर तक समझ ही नहीं आया कि उनके साथ क्या हो रहा है। उन्हें लगा कि शायद उनके साथ सम्मोहन किया गया है। उन्होंने बताया कि 10 ग्राम सोने की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए है। सीओ रत्नेश्वर सिंह ने बताया- शुरुआती जांच में सम्मोहन जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। कारोबारी बातों में आकर खुद पैसे और सामान देता हुआ दिखाई दे रहा है। यह CCTV फुटेज में भी नजर आ रहा है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। -----------
ये भी पढ़ें- नोएडा में AC-बस में आग लगी, 9 यात्री जिंदा जले: यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसा, 35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही थी यूपी के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर AC बस में आग लग गई। हादसे में 9 यात्री जिंदा जल गए। इनमें 8 पुरुष और एक महिला है। बस में 35 यात्री सवार थे। कई यात्रियों ने खिड़की तोड़कर कूदकर जान बचाई, जबकि 20 यात्रियों को रेस्क्यू किया। शव बुरी तरह जल गए हैं, पहचान करना मुश्किल है। हादसा बुधवार रात साढ़े 11 बजे जेवर एयरपोर्ट से 500 मीटर दूर हुआ। पढ़िए पूरी खबर…
समाचार स्रोत
यह खबर Dainik Bhaskar Uttar Pradesh से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗