बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह आज (शुक्रवार) प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के लिए रवाना हुए. वह अपने पुराने मित्र पप्पू सलमान के घर शादी समारोह में शामिल होंगे. यूपी जाने से पहले पटना में मीडिया से बात की.
इस दौरान उन्होंने बिहार की राजनीति और विधानसभा से मिले नोटिस को लेकर भी बयान दिया. अनंत सिंह ने कहा कि विधानसभा की ओर से मांगे गए जवाब पर वह शादी के बाद अपनी बात रखेंगे. उन्होंने साफ कहा कि पहले वह अपना काम करेंगे, उसके बाद जवाब देंगे.
प्रयागराज रवाना होने से पहले अनंत सिंह ने कहा कि पप्पू सलमान से उनकी पुरानी दोस्ती है. दोनों के बीच घरेलू संबंध हैं. इसी वजह से वह शादी में शामिल होने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि बिहार में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में उनके जानने वाले लोग हैं. दोस्ती और रिश्तों को वह राजनीति से अलग रखते हैं.
यह भी पढ़ें- मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, 3 बदमाश ढेर; थाना प्रभारी भी घायल
विधानसभा के नोटिस पर बोले- शादी के बाद दूंगा जवाब
बिहार विधानसभा की ओर से अनंत सिंह से सात दिनों के भीतर जवाब मांगे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह शादी के बाद जवाब देंगे. उन्होंने कहा कि पहले अपना काम करेंगे. इसमें कोई परेशानी नहीं है. गौरतलब है कि जेडीयू से निष्कासित अनंत सिंह को लेकर विधानसभा की सदस्यता समाप्त करने से जुड़ा मामला चर्चा में है.
सरेंडर की तारीख को लेकर दी सफाई
कोर्ट से सरेंडर की अवधि बढ़ाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें 4 दिसंबर तक सरेंडर करने का समय मिला है. बिहार में बाढ़ पीड़ितों को केंद्र सरकार से मुआवजा नहीं मिलने के तेजस्वी यादव के बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी. अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है. बिहार लौटने के बाद वह इस पर कुछ कहेंगे.
लालू और तेजस्वी को देंगे बेटी की शादी का कार्ड
अनंत सिंह ने कहा कि वह अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत सभी नेताओं को देंगे. जेडीयू की समीक्षा बैठक में नीतीश कुमार, निशांत कुमार और ललन सिंह के शामिल नहीं होने पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि लौटने के बाद इस बारे में जानकारी देंगे.
यह भी पढ़ें- बिहार को पीएम मोदी की बड़ी सौगात, 21 नवंबर को वैशाली में कार्यक्रम

