कैबिनेट मंत्री ने मंच से जिलाध्यक्ष को पीछे धकेला, VIDEO:मुजफ्फरनगर में बोले- एक मिनट रुक जाओ, छेड़ो ना, पीछे हटो, मंच पर जयंत भी मौजूद थे
मुजफ्फरनगर में RLD के सम्मेलन का एक VIDEO सामने आया है, जिसमें कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार अपने ही पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय राठी को पीछे धकेलते नजर आ रहे हैं। वो भाषण के बीच में कुछ कहने पहुंचे तो अनिल कुमार बड़े ही सख़्त तेवर में जिलाध्यक्ष से कहते हैं,- एक मिनट रुक जाओ अध्यक्ष जी, छेड़ो ना, पीछे को हट जाओ। इसके साथ ही मंत्री हाथ

मुजफ्फरनगर में RLD के सम्मेलन का एक VIDEO सामने आया है, जिसमें कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार अपने ही पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय राठी को पीछे धकेलते नजर आ रहे हैं। वो भाषण के बीच में कुछ कहने पहुंचे तो अनिल कुमार बड़े ही सख़्त तेवर में जिलाध्यक्ष से कहते हैं,- एक मिनट रुक जाओ अध्यक्ष जी, छेड़ो ना, पीछे को हट जाओ। इसके साथ ही मंत्री हाथ बढ़ाकर राठी को पीछे धकेल देते हैं। राठी पीछे हट जाते हैं और मंत्री अपना भाषण जारी रखते हैं। इस दौरान मंच पर रालोद सुप्रीमो जयंत भी मौजूद थे। दरअसल, रविवार को पचेंडा रोड पर रालोद ने सामाजिक समरसता सम्मेलन कराया था। इसी दौरान जिला अध्यक्ष संजय राठी कैबिनेट मंत्री के पास पहुंचते हैं और बिल्कुल करीब खड़े होकर मंत्री से कुछ कहने या इशारा करने की कोशिश करते हैं। तभी मंत्री उन्हें फटकार देते हैं। सवाल सिर्फ इतना नहीं कि मंत्री ने जिलाध्यक्ष को पीछे क्यों किया? सवाल यह भी है कि क्या मंच पर किसी जिलाध्यक्ष को सार्वजनिक तौर पर इस तरह हाथ से पीछे करना जरूरी था? खासकर तब, जब मंच का पूरा कार्यक्रम ही सामाजिक समरसता, सम्मान, संवाद और भाईचारे के संदेश पर आधारित था। VIDEO का यह हिस्सा अब सोशल मीडिया पर तेजी से घूम रहा है। कैमरे में जो साफ दिखाई देता है, वह है… मंत्री का सख्त लहजा, जिलाध्यक्ष का उनके बेहद करीब पहुंचना और फिर हाथ से बड़े बेरुखी के साथ उन्हें पीछे धकेल देना। लेकिन इससे पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी, जिलाध्यक्ष किस बात को लेकर मंत्री के पास पहुंचे थे और मंत्री ने उन्हें रोकने की जरूरत क्यों महसूस की… इसका पूरा जवाब वायरल क्लिप में नहीं है। यही वजह है कि इस VIDEO को लेकर दो तस्वीरें एक साथ सामने आ रही हैं। मंच से समरसता और संवाद का संदेश, और उसी मंच पर बातचीत रोकने का यह अंदाज। दोनों दृश्यों के बीच का विरोधाभास ही इस VIDEO को सामान्य मंचीय घटनाक्रम से ज्यादा चर्चा में ला रहा है। दिलचस्प बात यह भी है कि यह कोई सामान्य पार्टी बैठक नहीं थी। RLD ने इस कार्यक्रम को सामाजिक समरसता और सर्वसमाज की भागीदारी के बड़े आयोजन के तौर पर तैयार किया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी समेत पार्टी के कई बड़े नेता इसमें मौजूद थे। कार्यक्रम से पहले कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ने के लिए गांव-गांव संपर्क करने को कहा गया था। सम्मेलन में जयंत चौधरी ने भी अपने भाषण में भेदभाव से ऊपर उठने, संवाद और समन्वय बढ़ाने तथा एक-दूसरे के सम्मान की बात कही। ऐसे में उसी मंच का यह VIDEO अब सोशल मीडिया पर एक अलग सवाल के साथ देखा जा रहा है कि संदेश मंच से क्या दिया गया और कैमरे के सामने व्यवहार कैसा नजर आया?
समाचार स्रोत
यह खबर Dainik Bhaskar Uttar Pradesh से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗