बिहार के किशनगंज जिले में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है. बहादुरगंज थाना क्षेत्र के गांगी गांव में बुधवार (21 अक्टूबर 2026) सुबह दो जंगली हाथी घुस आए. हाथियों ने खेतों में लगी धान की फसल को रौंद दिया. इस दौरान उनकी चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चा घायल हो गया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार सुबह अचानक दो जंगली हाथी गांगी गांव में पहुंच गए. हाथियों ने खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया. इसके बाद गांव में दहशत फैल गई. लोग हाथियों से दूर भागने लगे. इसी दौरान दो लोग उनकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए.
यह भी पढ़ें- जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष संग मारपीट, मनोज भारती का कॉलर पकड़ा
बुजुर्ग की मौत, बच्चा हायर सेंटर रेफर
घायलों को परिजन तुरंत बहादुरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने पर दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. इस दौरान अलताबाड़ी निवासी बुजुर्ग मोफीज आलम की मौत हो गई. वहीं, दरनिया गांव का एक मासूम बच्चा घायल है. घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा है.
पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ, बहादुरगंज थाना की पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने हालात संभालने और ग्रामीणों को सुरक्षित रखने की कोशिश की. वन विभाग ने लोगों को हाथियों से दूर रहने की अपील की है. इलाके में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
वन विभाग ने टीम को किया अलर्ट
वन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को दिघलबैंक के धनतोला इलाके में भी हाथियों ने उत्पात मचाया था. लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग की टीम को अलर्ट पर रखा गया है. उन्होंने बताया कि मौके से भीड़ को हटा दिया गया है. टीम हाथियों को ट्रैक कर रही है और उन्हें सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है. ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें- नीरज कुमार अस्पताल से डिस्चार्ज, अनंत सिंह बोले- काम नहीं आएगा टोटका

