टीवी एक्टर गौरव खन्ना इन दिनों अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. एक तरफ वो अपने नए शो 'दिल की बेवफाइयां' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी शादीशुदा जिंदगी भी चर्चा में है. कुछ महीने पहले उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला ने करीब 10 साल की शादी के बाद अलग होने का ऐलान किया था. उस समय गौरव ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी. अब एक्टर ने पहली बार अपनी शादी और रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है.
दरअसल, हाल ही में 'दिल की बेवफाइयां' की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गौरव ने शादी और रिश्तों को लेकर अपनी राय रखी. इस दौरान उन्होंने बताया कि वो हमेशा अपने पार्टनर की बात समझने और उसके नजरिए को जानने की कोशिश करते हैं.
आकांक्षा चमोला संग शादी पर क्या बोले गौरव खन्ना?
गौरव खन्ना ने शादी में प्यार और स्थिरता के बीच संतुलन को जरूरी बताया. एक्टर ने कहा, 'मैं ऐसा इंसान हूं, जो मानता है कि शादी में स्थिरता सबसे जरूरी चीज है. अगर नींव मजबूत है, तो इमारत भी मजबूत होती है. कभी-कभी लोग शादी में उत्साह और रोमांच को ज्यादा महत्व देने लगते हैं, जिसका असर स्थिरता पर पड़ता है और कभी इसका उल्टा भी होता है.'
उन्होंने आगे कहा, 'इन दोनों के बीच संतुलन बनाना बहुत जरूरी है. निजी तौर पर मैंने अपनी पसंद को लेकर कभी पछतावा नहीं किया. मैं जिंदगी में जो भी करता हूं, उसमें अपना दिल और पूरी मेहनत लगा देता हूं. नतीजे आपके हाथ में नहीं होते, लेकिन इसकी वजह से मैं कोशिश करना नहीं छोड़ता. अगर हम पछतावे में ही उलझे रहेंगे, तो जिंदगी में आगे नहीं बढ़ पाएंगे.'
'ग्रीन फ्लैग' होने की भी चुकानी पड़ती है कीमत
'अनुपमा' में काम करने के बाद गौरव खन्ना को एक अच्छे पार्टनर यानी 'ग्रीन फ्लैग' के तौर पर भी देखा जाने लगा. अब एक्टर ने बताया कि वो रिश्ते में दूसरे इंसान की बात को समझना कितना जरूरी मानते हैं.
गौरव ने कहा, 'मेरी परवरिश ऐसी हुई है कि मेरी मां ने मुझे हमेशा अच्छे संस्कार दिए हैं. उन्होंने मुझे सिखाया है कि दूसरे इंसान को भी अपनी बात रखने का मौका देना चाहिए. मैं हमेशा मानता हूं कि अपनी राय दूसरों पर थोपने के बजाय हर किसी के नजरिए को समझना चाहिए.'
एक्टर ने आगे कहा, 'अगर दूसरा इंसान कुछ कह रहा है, तो उसकी बात समझने की कोशिश करनी चाहिए, क्योंकि आखिर में आप किसी को जिंदगी में कुछ करने के लिए मजबूर नहीं कर सकते. रास्ते में कई मुश्किलें आ सकती हैं, लेकिन 'ग्रीन फ्लैग' होने की सबसे अच्छी बात ये है कि आप ज्यादा नहीं सोचते. इसे भगवान की मर्जी समझिए और आखिर में सब ठीक हो जाता है.'
दूसरे इंसान को शक का फायदा देते हैं गौरव
गौरव ने ये भी बताया कि वो किसी भी बात पर तुरंत प्रतिक्रिया नहीं देते, बल्कि पहले दूसरे इंसान की स्थिति को समझने की कोशिश करते हैं. इस बारे में उन्होंने कहा, 'मैं कभी भी किसी बात पर जरूरत से ज्यादा रिएक्ट नहीं करता. मैं सोचता हूं कि शायद दूसरा इंसान काम को लेकर तनाव में हो या उसे सेहत से जुड़ी कोई परेशानी हो.'
कब हुई थी गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला की शादी?
बता दें कि गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला की मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी. कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने नवंबर 2016 में कानपुर में शादी की थी. करीब 10 साल साथ रहने के बाद जून 2026 में आकांक्षा ने 'लॉक अप 2' के दौरान अलग होने और तलाक के फैसले की पुष्टि की थी. उन्होंने बताया था कि दोनों करीब एक साल से अलग रह रहे हैं और आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है.
कब और कहां देखें 'दिल की बेवफाइयां'?
गौरव खन्ना जल्द ही एकता कपूर के नए शो 'दिल की बेवफाइयां' में नजर आने वाले हैं. इस शो में उनके साथ श्रद्धा आर्या लीड रोल में हैं. इसकी कहानी 20 साल की शादी के बाद मैनव (गौरव खन्ना) की जिंदगी में आने वाले बदलावों और मुश्किलों पर आधारित है. वहीं, जानकी (श्रद्धा आर्या) इतने सालों की शादी के बाद भी अपनी जिंदगी से खुश रहती हैं. 'दिल की बेवफाइयां' का प्रीमियर 24 नवंबर को स्टार प्लस पर होने वाला है.




