अगर आप भी सरकारी अस्पताल में नौकरी की तलाश कर रहे हैं और आप दिल्ली में रहते हैं, तो यह आपके लिए अच्छी खबर है. दरअसल दिल्ली के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र हॉस्पिटल ने अपने अलग-अलग विभागों में 12 पदों पर भर्ती निकाली है. इन पदों पर सीधी भर्ती की जा रही है. वहीं इस भर्ती की सबसे बड़ी खास बात यह है कि इसके लिए उम्मीदवारों को किसी तरह की लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी. इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन सीधे इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा.
सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र हॉस्पिटल में इन 6 विभागों में 12 पदों पर भर्ती की जा रही है. इन छह विभाग में एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक, ऑब्स एंड गाइनी और सर्जन और पैथोलॉजी शामिल के पद है. इन्हीं सभी विभागों में सीनियर रेजिडेंट की तलाश की जा रही है.
किस विभाग में कितने पद?
विभाग पद
एनेस्थीसिया 2
रेडियोलॉजी 4
ऑर्थोपेडिक्स 2
ऑब्स एंड गाइनी 1
सर्जन 2
पैथोलॉजी 1
कब हो रहा इंटरव्यू?
इस अस्पताल में इन 12 पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवार सुबह 9 बजे से 11 बजे तक इंटरव्यू देने के लिए जा सकते हैं. इंटरव्यू इस महीने सोमवार से शुक्रवार (सरकारी छुट्टियों को छोड़कर) के बीच अस्पताल परिसर में ही लिया जा रहा है. वहीं इंटरव्यू के लिए उम्मीदवारों को कॉन्फ्रेंस रूम (कमरा नंबर 103), सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल, प्लॉट नंबर 30, सेक्टर-7 ए, नरेला दिल्ली-110040 जाना होगा.
उम्मीदवारों में क्या योग्यता होनी चाहिए?
राजा हरिश्चंद्र हॉस्पिटल में भर्ती के लिए उम्मीदवारों के पास दिल्ली मेडिकल काउंसिल से मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएशन या डिप्लोमा की डिग्री होनी चाहिए. वहीं अगर पीजी कैंडीडेट्स पद के लिए नहीं मिलते हैं, तो फिर एमबीबीएस में 2 साल का एक्सपीरियंस रखने वाले उम्मीदवारों को मौका मिलेगा.
ये भी पढ़ें-UP पुलिस भर्ती में EWS कैटेगरी पर उठे सवाल, बोर्ड ने दी चेतावनी
भर्ती के लिए कितनी आयु सीमा?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की अधिकतम आयु 45 साल होनी चाहिए. वहीं उम्मीदवार की आयु की गणना इंटरव्यू की तारीख के हिसाब से की जाएगी. इसके अलावा आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आरक्षण नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी.
2 लाख तक मिलेगी सैलरी
राजा सत्यवादी हरिश्चंद्र हॉस्पिटल में इस भर्ती पर जिन उम्मीदवारों का चयन होगा, उन उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स के लेवल-11 के तहत सैलरी दी जाएगी. इसमें उम्मीदवार की महीने की सैलरी 67,700 रुपये से लेकर 2,08,700 रुपये प्रतिमाह तक हो सकती है. इसके अलावा नियमानुसार दूसरे भत्ते भी उम्मीदवारों को दिए जाएंगे. वहीं नियुक्ति का ऑफर लेटर जारी होने के बाद उम्मीदवारों को 7 दिन के अंदर ही ज्वाॅइन करना अनिवार्य होगा. अगर उम्मीदवार तय समय पर ज्वॉइन नहीं करते हैं तो उनका ऑफर अपने आप रद्द हो जाएगा.
ये भी पढ़ें-रेलवे में 1688 पदों पर भर्ती, आज से आवेदन करें 12वीं पास युवा




