प्रशासनिक सेवा को अलविदा कहने के बाद अब दिव्या मित्तल की राजनीतिक पार्टी का औपचारिक शंखनाद हो चुका है. 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए उन्होंने अपनी पार्टी 'जननीति भारत' की घोषणा कर दी है, लेकिन पार्टी गठन के ठीक उसी मुहूर्त की कुंडली कुछ अलग ही कहानी बयां कर रही है. 15 अक्टूबर की दोपहर 1:11 बजे के ग्रहों का गणित यानी स्थापना कुंडली जमीन पर एक बड़ा सियासी पेंच दिखा रही है.
चेहरा तो चमकेगा, पर क्या जमीन पर टिकेगा संगठन?
पार्टी की मकर लग्न की कुंडली में दसवें घर में बैठे बुध और शुक्र दिव्या मित्तल को जबरदस्त मजबूती दे रहे हैं. शुक्र अपनी ही राशि में बैठा है, जिसका सीधा मतलब है कि दिव्या का चेहरा चमकेगा, उनकी बात दूर तक सुनी जाएगी और उनकी ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ेगी. जनता उनके प्रशासनिक अनुभव और बेबाक अंदाज से सीधे कनेक्ट करेगी.
मगर असली पेंच फंसा है पार्टी की रीढ़ कहे जाने वाले शनिदेव पर. संगठन और जमीनी कार्यकर्ताओं का कारक शनि यहां कमजोर पड़ रहा है. इसका साफ मतलब यह निकलता है कि दिव्या मित्तल का चेहरा तो आगे दौड़ जाएगा, लेकिन पीछे पार्टी का ढांचा हांफता नजर आ सकता है.
सोशल मीडिया पर चर्चा होगी, बज भी बनेगा, मगर बूथ तक वोटरों को लाने के लिए जो पसीना बहाने वाली फौज चाहिए, उसकी कमी पार्टी को अधिक महसूस होगी.
सिस्टम पर सीधा वार, पर क्या वोट में बदलेगा गुस्सा?
दिव्या मित्तल ने मैदान में उतरते ही पानी, स्कूल, महिला सुरक्षा और सरकारी दफ्तरों में लटकी फाइलों को अपना मुख्य एजेंडा बनाया है. कुंडली में बुध और शुक्र का मेल भी यही बताता है कि उनकी राजनीति नीतियों और बिचौलियों पर सीधे वार के इर्द-गिर्द घूमेगी.
यह साफ-सुथरा तेवर सिस्टम से त्रस्त युवाओं, पढ़ी-लिखी आबादी और जेन-जी को तुरंत आकर्षित करेगा. माहौल ऐसा बनेगा जैसे कोई बड़ा बदलाव आने वाला है. मगर चुनावी राजनीति की डगर बहुत कठिन होती है. सिस्टम के खिलाफ पैदा हुआ गुस्सा और हमदर्दी सीधे वोट की पेटी तक तब तक नहीं पहुंचते, जब तक जमीन पर जातियों और मजबूत कार्यकर्ताओं का पक्का नेटवर्क न हो.
मंगल-चंद्रमा का खेल: भीड़ जुटेगी या बिखर जाएगी?
पार्टी के ग्रह एक और बड़ा मोड़ दिखा रहे हैं. जनता और फायदे के घर में चंद्रमा और मंगल ने एक-दूसरे के घर बैठकर एक अनोखा योग बना रखा है. यह योग शुरुआत में भारी जनसमर्थन और युवाओं के आक्रामक जोश की लहर पैदा करेगा. पार्टी के कार्यक्रमों में भारी भीड़ भी देखनो को मिल सकती है.
लेकिन सिक्के का दूसरा पहलू चौंकाने वाला है. चंद्रमा पर शनि की दृष्टि यह साफ चेतावनी दे रही है कि यह समर्थन टिकने वाला नहीं है. आज जो भीड़ जयकारे लगा रही है, वह किसी नए मोड़ पर बिखर भी सकती है. पार्टी के सामने सबसे बड़ा सिरदर्द यही होगा कि इस उमड़ती भीड़ को चुनाव के दिन तक अपने पाले में बांधकर कैसे रखा जाए.
2027 की असली लड़ाई: बड़ा उलटफेर या चुनिंदा सीटों पर खेल?
शुरुआती दौर पार्टी के प्रचार और चर्चा बटोरने के लिए काफी अच्छा दिख रहा है. मगर असली अग्निपरीक्षा जनवरी 2027 के बाद शुरू होगी, जब केतु और सूर्य का दौर आएगा. टिकटों के बंटवारे, नए सहयोगियों के चयन और आंतरिक मतभेद उस वक्त पार्टी के लिए बड़ी समस्या बन सकते हैं.
ग्रहों की यह बिसात साफ बता रही है कि 'जननीति भारत' यूपी में सत्ता की कुर्सी तक इतनी आसानी से नहीं पहुंचने वाली. हां, इतना तय है कि दिव्या मित्तल का यह सियासी दांव कुछ चुनिंदा सीटों पर पुराने दिग्गजों का गणित बिगाड़ दे. दिव्या मित्तल की साख गाड़ी को स्टार्ट तो कर देगी, लेकिन सफर कितना लंबा होगा, यह जमीन पर टिके कार्यकर्ताओं के दम पर ही तय होगा.
कुंडली में कुछ क्षेत्रों में असर बनाने के संकेत दिख रहे हैं जो पूरे यूपी में बड़ी जीत से अधिक मजबूत हैं. लेकिन इससे सीटों की संख्या, दिव्या मित्तल की व्यक्तिगत जीत या किसी दल का वोट कटने का दावा नहीं किया जा सकता.
जननीति भारत की पहली परीक्षा सिर्फ दिव्या मित्तल के लिए समर्थन जुटाना नहीं होगी. असली सवाल होगा कि जहां दिव्या खुद उम्मीदवार नहीं होंगी, वहां उनके नाम पर कितने वोट पड़ेंगे?
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.




