बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनकी पार्टी के नेता भगवान मान रहे हैं. शुक्रवार (06 नवंबर, 2026) को मीडिया से बातचीत में जेडीयू नेता और मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने इस पर बड़ा बयान दिया. वे पार्टी दफ्तर में थे.
इस दौरान मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा, "लोग ईश्वर को जितना यादव करते हैं उससे कम नीतीश कुमार को नहीं करते हैं, जान लीजिए… गांव की महिलाएं… लड़िकयां जो पढ़ती हैं… 32 हजार महिला सिपाही की भर्ती हुई… उन सब के घर पर नीतीश कुमार की पूजा होती है."
उन्होंने आगे कहा, "नीतीश कुमार आज के समय में ईश्वर हैं… जब धरती पर नहीं रहेंगे तो भगवान हो जाएंगे…"
यह भी पढ़ें- 'अनंत सिंह का JDU में जाना बहुत बड़ी भूल', RJD नेता कार्तिक कुमार ने ऐसा क्यों कहा?
एमएलसी चुनाव में एक सीट जीतने पर क्या कहा?
बिहार में हाल ही में एमएलसी की आठ सीटों पर चुनाव हुआ था. जेडीयू एक सीट ही जीत पाई थी. चार पर पार्टी लड़ी थी. सवाल किया गया कि क्या नीतीश कुमार रहते तो पार्टी सभी चार सीट जीत जाती? इस पर भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा, "नीतीश कुमार रहते या नहीं रहते... हालांकि सबका प्रयास सफल रहा… ये तो भादो की बिछली है न… भादो में आदमी चलता है तो पैर-हाथ छटक जाता है… गिर जाता है… चुनाव में हार-जीत होती रहती है."
नीतीश कुमार से जाकर मिले भगवान सिंह कुशवाहा
दूसरी ओर भगवान सिंह कुशवाहा ने आज (शुक्रवार) नीतीश कुमार से जाकर मुलाकात की. उन्होंने मुलाकात की तस्वीर को अपने फेसबुक से शेयर करते हुए लिखा है, "आज धनतेरस के अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, हमारे बड़े भाई और अभिभावक आदरणीय नीतीश कुमार जी से आत्मीय मुलाकात कर उनका स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया. उनका स्नेह और मार्गदर्शन सदैव नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करता है. उनके कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिलता है."
यह भी पढ़ें- दिवाली और छठ पर बिहार सरकार अलर्ट, आज से स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां रद्द

