पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता यूनाइटेड (जेडीयू) में सब कुछ ठीक नहीं है. आरजेडी की ओर से कई बार टूट का दावा भी किया गया है. इस बीच मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के 'बागी' होने से जेडीयू में कलह वाली तस्वीर खुलकर सामने आ गई है. सवाल है कि जेडीयू में रहते हुए जन सुराज के एमएलसी प्रत्याशी अनुज सिंह के साथ अनंत सिंह क्यों हैं? बागी तेवर के पीछे की वजह क्या है? जेडीयू के पूर्व एमएलसी वाल्मीकि सिंह ने दावा किया है कि पार्टी में दो गुट हो चुका है.
वाल्मीकि सिंह ने बताया कि जेडीयू में पहले वाली बात नहीं है. तीन-चार नेता मिलकर पार्टी चला रहे हैं. नीतीश कुमार तक पुराने नेताओं की बात नहीं पहुंच पाती है. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पार्टी में ललन सिंह और संजय झा का अपना-अपना गुट है.
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने पहले भी ललन सिंह को कहा था कि पार्टी आप ही को संभालना है, तो हम लोग ललन सिंह के साथ हैं. उन्होंने इशारों में बता दिया कि अनंत सिंह अभी जो भी कर रहे हैं वह ललन सिंह के इशारे पर हो रहा है.
'नीतीश कुमार से नहीं पाती मुलाकात'
एबीपी न्यूज़ से बातचीत में वाल्मीकि सिंह ने खुलकर किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि तीन-चार नेता हैं जो नीतीश कुमार को घेरे हुए हैं. इस कारण किसी दूसरे नेताओं की बात नहीं पहुंचती है. हम लोग चाह कर भी नीतीश कुमार से मिल नहीं पाते हैं.
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह ने JDU नहीं BJP की भी बढ़ाई टेंशन! बिहार में कुछ होगा बड़ा?
'बिखर चुका है कुर्मी समाज'
उन्होंने कहा, "1990 से हम नीतीश कुमार के साथ हैं… हम कुर्मी जाति से आते हैं… लेकिन जिस तरह से नीतीश कुमार की पार्टी में एक्टिविटी नहीं है उससे कुर्मी समाज बिखर चुका है. अभी नीतीश कुमार की पार्टी में नहीं चल रही है. कुछ नेता हैं जो निशांत कुमार को सिर्फ मोहरा बनाए हुए हैं. निशांत को आगे करके यह लोग अपनी रोटी सेंकना चाहते हैं वह हम लोग होने नहीं देंगे."
जेडीयू के टूटने के सवाल पर कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है. पार्टी नहीं टूटेगी, लेकिन कुछ नेता जो पुराने नेताओं को दरकिनार करके रखना चाहते हैं और पार्टी को अपनी मुट्ठी में करना चाहते हैं उनको सबक सिखाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि आरसीपी सिंह भी पार्टी में फिर से आना चाहते हैं, लेकिन तीन-चार नेता नीतीश कुमार से उन्हें मिलने भी नहीं देते हैं.
यह भी पढ़ें- CEC के खिलाफ प्रदर्शन पर BJP बोली- बेवजह प्रोटेस्ट, RJD ने कहा- 'बापू होते तो…'
