बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में जाली नोटों के कारोबार के खिलाफ मोतिहारी पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा के पास से 4.95 लाख रुपये के भारतीय जाली नोट बरामद किए हैं. इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, बाइक पर सवार दूसरा संदिग्ध पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है.
पुलिस को जाली नोटों की खेप लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद मोतिहारी सदर-1 के एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रक्सौल-मोतिहारी नेशनल हाईवे पर सेमरा स्टेशन के पास वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचे. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया.
यह भी पढ़ें- मोतिहारी में EOU का बड़ा एक्शन, BJP नेता रिंकू पाठक के 6 ठिकानों पर रेड
पुलिस को देख एक आरोपी फरार
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान बाइक पर सवार एक व्यक्ति भागने में सफल रहा. हालांकि, पुलिस ने दूसरे व्यक्ति को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से भारतीय जाली नोट बरामद हुए. पुलिस ने बाइक और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को भी जब्त कर लिया है.
चंपारण का रहने वाला है अय्युल
गिरफ्तार युवक की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र के जनेरवा गांव निवासी शेख अय्युल पिता शेख मजीर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, उसके पास से जाली नोटों के 10 बंडल मिले हैं. इनकी कुल कीमत 4 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है.
बड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
मोतिहारी सदर-1 के एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में जाली नोटों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिल सकती है. फरार संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जाली नोट कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था.
यह भी पढ़ें- बिहार टेंडर घोटाला: 7 IAS अधिकारियों तक पहुंची ED की जांच, बढ़ी हलचल


