बेहता नाले में डूबे युवक का तीसरे दिन मिला शव:3 किमी दूर झाड़ियों में फंसा था, भैंस बचाने के दौरान बहा था
लखनऊ के बेहता नाले में डूबे 18 साल के सूरज का शव शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया। वह गुरुवार शाम भैंस को बचाने के दौरान नाले में बह गया था। एसडीआरएफ और प्राइवेट गोताखोरों की टीम तीन दिन से उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार को घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर उन्नाव के औरास क्षेत्र में गोझिहार गांव के पास झाड़ियों में उसका शव फंसा मिला। पुल

लखनऊ के बेहता नाले में डूबे 18 साल के सूरज का शव शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया। वह गुरुवार शाम भैंस को बचाने के दौरान नाले में बह गया था। एसडीआरएफ और प्राइवेट गोताखोरों की टीम तीन दिन से उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार को घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर उन्नाव के औरास क्षेत्र में गोझिहार गांव के पास झाड़ियों में उसका शव फंसा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की 3 तस्वीरें देखिए.. भैंस को बचाने के दौरान नाले में बहा था सूरज तरौना गांव निवासी सूरज गुरुवार शाम करीब 5 बजे अपने दोस्त रोहित के बुलाने पर बेहता नाले में पहुंचा था। वहां विष्णु मौर्य की भैंस जलकुंभी में फंसी हुई थी। उसे निकालने के लिए युवकों ने बिजली के खंभे से रस्सी बांधी और नाले में उतर गए। सूरज भी जूट की रस्सी पकड़कर पानी में आगे बढ़ा, तभी अचानक उसके हाथ से रस्सी छूट गई। तेज बहाव के कारण वह गहरे पानी में चला गया। बताया गया कि नाले में करीब 30 फीट गहरा पानी था और सूरज को तैरना नहीं आता था। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफल नहीं हो सके। घटना के बाद एसडीआरएफ और प्राइवेट गोताखोरों ने तलाश अभियान शुरू किया। हादसे में डूबी भैंस का शव घटनास्थल से करीब 300 मीटर दक्षिण में झाड़ियों में फंसा मिला था। तलाश में देरी पर ग्रामीणों ने लगाया जाम शुक्रवार को भी सूरज का पता नहीं चलने और स्कूबा गोताखोरों की टीम नहीं बुलाए जाने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने लखनऊ-हरदोई हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक हंगामा चला। बाद में पुलिस के समझाने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मोहनलालगंज के सपा सांसद आरके चौधरी, समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा और मलिहाबाद के जगदीश रावत समेत कई नेता मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बात कर तलाश अभियान में अतिरिक्त टीमें लगाने की मांग की। तहसीलदार नितिन सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। तीसरे दिन 3 किलोमीटर दूर मिला शव शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे एसडीआरएफ ने तीसरे दिन तलाश अभियान शुरू किया। टीम लीडर उपनिरीक्षक आकाश शंकर मिश्रा के नेतृत्व में रवि पांडे, रजनेश कुमार, रमाकांत यादव, अक्षय प्रताप, कलीम खान और विपिन कुमार समेत अन्य सदस्य अभियान में शामिल रहे। ग्रामीण गोताखोर विजय की टीम ने भी दो छोटी नावों की मदद से तलाश की। टीम ने करीब साढ़े तीन किलोमीटर के दायरे में उन्नाव के औरास क्षेत्र के गोझिहार गांव के पास निर्माणाधीन पुल तक तलाशी ली। करीब ढाई घंटे के अभियान के बाद घटनास्थल से 3 किलोमीटर दूर दक्षिण दिशा में झाड़ियों में सूरज का शव फंसा मिला। तीन दिन तक पानी में रहने के कारण शव फूल गया था और उससे दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर एसीपी मलिहाबाद ज्ञानेंद्र सिंह, रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। …………………. ये खबर भी पढ़ें… बेहता नाले में बहा युवक, ग्रामीणों ने सड़क जाम की:भैंस बचाने उतरा था, दूसरे दिन नहीं ढूंढ़ पाई SDRF, सामान समेटकर लौटी लखनऊ के रहीमाबाद में बेहता नाले में डूबे 18 वर्षीय सूरज का शुक्रवार को भी पता नहीं चला। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने लखनऊ-हरदोई मार्ग पर जाम लगा दिया। लोग सड़क पर लाठी-डंडे डालकर लेट गए। उनकी मांग थी कि युवक की तलाश के लिए स्कूबा डाइवर टीम बुलाई जाए। करीब आधे घंटे तक हंगामा और पुलिस से नोकझोंक होती रही। पुलिस के समझाने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पढ़िए पूरी खबर…
समाचार स्रोत
यह खबर Dainik Bhaskar Uttar Pradesh से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗