बिहार के मनेर में हुए एनकाउंटर पर सियासी बयानबाजी जारी है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और रोहिणी आचार्य के सवालों पर बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि अगर अपराधी पुलिस पर गोली चलाएंगे तो पुलिस फूलों की माला लेकर नहीं जाएगी. पुलिस को अपनी सुरक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई करनी ही पड़ेगी. मंत्री ने विपक्ष पर अपराधियों का बचाव करने और जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया.
शनिवार (7 नवंबर 2026) को गया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान संतोष कुमार सुमन ने तेजस्वी यादव के ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी. तेजस्वी ने एनकाउंटर को लेकर लिखा था कि अपनी जान की जिम्मेदारी जनता खुद उठाए. इस पर मंत्री ने कहा कि हर क्रिया की प्रतिक्रिया होती है. पुलिस जब अपराधियों को पकड़ने जाती है और वे गोली चलाते हैं, तभी जवाबी कार्रवाई होती है. इस दौरान किसी अपराधी को पैर में गोली लगती है तो किसी की मौत भी हो जाती है.
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह को वाराणसी में इसलिए नहीं मिली एंट्री! घंटों इंतजार के बाद मायूस लौटे समर्थक
रोहिणी आचार्य के बयान पर भी किया पलटवार
रोहिणी आचार्य ने मनेर मुठभेड़ के बाद एनकाउंटर संस्कृति बंद करने की बात कही थी. इस पर संतोष सुमन ने कहा कि एनकाउंटर पहले भी होते रहे हैं. दूसरे राज्यों में भी ऐसी कार्रवाई होती है. उन्होंने सवाल किया कि अगर अपराधी पुलिस पर गोली चलाएंगे तो क्या पुलिस फूलों की माला लेकर जाएगी? पुलिसकर्मी भी किसी के बच्चे और परिवार का हिस्सा हैं. अपराधी आम लोगों, उद्योगपतियों और समाजसेवियों पर हमला करेंगे तो पुलिस कार्रवाई करेगी.
'बिहार में अब अपराधियों को भागना पड़ रहा है'
मंत्री ने बिहार की कानून-व्यवस्था का बचाव करते हुए कहा कि राज्य में सरकार और प्रशासन पूरी तरह नियंत्रण में हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जंगलराज की मनोदशा में जी रहा है. पहले पुलिस थानों से बाहर निकलने से डरती थी और अपराधी खुलेआम घूमते थे. अब स्थिति बदल गई है और अपराधियों को भागना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि अपराध करने वालों को सजा मिलनी चाहिए.
जाति के आधार पर कार्रवाई के आरोप को नकारा
राजद विधायक भाई विरेन्द्र के इस आरोप पर कि मुस्लिम और यादव समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, मंत्री ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती. पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करती है, जाति देखकर नहीं. उन्होंने कहा कि हाल में हुए तीन एनकाउंटर में केवल एक जाति के लोग शामिल नहीं थे. मंत्री ने विपक्ष पर मुद्दों से भटकाने और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. साथ ही चेतावनी दी कि ऐसी राजनीति जारी रही तो आने वाले चुनाव में राजद को पांच सीटें मिलना भी मुश्किल हो जाएगा.
यह भी पढ़ें- 'बिहार में होगा खेला, NDA में सबकुछ ठीक नहीं', RJD के दावे से हलचल, BJP क्या बोली?

