'मरना है तो मरो, बस नहीं रोकेंगे':यात्री बोला- ड्राइवर और कंडेक्टर सिगरेट पी रहे थे, जलने की तेज बदबू आई; बताया तो डांटकर भगा दिया
तारीख : 23 सितंबर, दिन: बुधवार। समय : रात 11.30 बजे। नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार रात स्लीपर बस में आग लग गई। बस में 35 यात्री सवार थे, जिनमें से 9 लोग जिंदा जल गए। वहीं, कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ देर पहले बस में जलने की तेज बदबू आ रही थी। एक यात्री ने

तारीख : 23 सितंबर, दिन: बुधवार। समय : रात 11.30 बजे। नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बुधवार रात स्लीपर बस में आग लग गई। बस में 35 यात्री सवार थे, जिनमें से 9 लोग जिंदा जल गए। वहीं, कई यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ देर पहले बस में जलने की तेज बदबू आ रही थी। एक यात्री ने बताया कि उसने ड्राइवर और कंडेक्टर को इसकी जानकारी दी, लेकिन उसकी बात को अनसुना कर दिया। दोनों केबिन में सिगरेट पीने लगे। कुछ देर बाद ड्राइवर की सीट के पास से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग पूरी बस में फैल गई। बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। कोई खिड़की तोड़ रहा था, कोई धुएं के बीच बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। कई यात्री किसी तरह बच गए, लेकिन 9 लोगों की जलकर मौत हो गई। 4 पॉइंट में समझिए हादसा और रेस्क्यू कैसे हुआ…. . रात करीब 9:30 बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट से बस निकली। 11:30 बजे बस यमुना एक्सप्रेस-वे पहुंची। इसी दौरान बस के AC में स्पार्क या ब्लास्ट होने से इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लग गई। केबिन से लगी आग धीरे-धीरे बस के अंदर पहुंच गई। आग लगते ही लोग बस रोकने के लिए चिल्लाने लगे। कुछ लोग शीशे तोड़कर बाहर कूदने लगे। . हादसे वाली जगह से करीब 300 मीटर पहले पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी खड़ी थी। सूचना मिलते ही टीम करीब 10 मिनट में बस के पास पहुंच गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब 1 घंटे में आग पर काबू पाया। . आग पर काबू पाने के बाद बस के अंदर रेस्क्यू शुरू हुआ। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने 20 से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल भेजने के लिए ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे पर तैनात करीब 20 एंबुलेंस मौके पर बुलाई गईं। . आग बुझने के बाद बस काटकर रेस्क्यू किया गया। फायरकर्मियों ने बस के पिछले हिस्से को काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद एक-एक कर 9 शव बाहर निकाले गए। शव पूरी तरह जल चुके थे, इसलिए मौके पर उनकी पहचान करना मुश्किल था। रेस्क्यू की तस्वीरें देखिए- दिल्ली से महोबा जा रही थी बस राज कल्पना ट्रैवल्स की प्राइवेट स्लीपर AC बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से बुधवार रात करीब 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। रात करीब 11:30 बजे बस यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर थाना क्षेत्र में किलोमीटर-33 के पास पहुंची। जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर पहले बस में अचानक आग लग गई। आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। जलने की बदबू आई, फिर ड्राइवर सीट से निकली लपटें हमीरपुर के राठ के रहने वाले सुनील कुमार ने जेवर थाने में दी तहरीर में बताया कि आग लगने से कुछ देर पहले ड्राइवर केबिन से जलने की बदबू आ रही थी। यात्रियों ने ड्राइवर और कंडक्टर को इसकी जानकारी दी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर केबिन में सिगरेट पीने लगे। कुछ देर बाद ड्राइवर की सीट के पास से तेज आग की लपटें निकलने लगीं। यात्रियों ने बस रोकने के लिए शोर मचाया, लेकिन बस नहीं रोकी गई। वहीं परिचालक यात्रियों को डांट रहा था। बोला कि मरना है तो मरो, बस नहीं रोकेंगे। तब तक आग तेजी से बस में फैल गई। बस के अंदर धुआं भर गया। लोग आग और धुएं के बीच बस में ही फंस गए। ‘मैं बाहर कैसे आई, मुझे नहीं पता; पति अभी तक नहीं मिले’ हादसे में घायल रेखा भारद्वाज जेवर के आरोग्य अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने पति के साथ दिल्ली से महोबा जा रही थीं और बस में सो रही थीं। अचानक शोर मचा तो सभी यात्री बाहर निकलने के लिए भागने लगे। बस में चारों तरफ धुआं था। रेखा ने बताया कि भागते समय वह बस में ही गिर गईं और उनके ऊपर से कई लोग निकल गए। कुछ देर बाद उन्होंने खुद को सड़क पर पड़ा पाया। रेखा के पति अभी तक नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि शायद उनके पति की मौत हो गई है। एक-एक कर निकाले गए 9 शव हादसे वाली जगह से करीब 300 मीटर पहले पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी मौजूद थी। सूचना मिलने के करीब 10 मिनट में पुलिस टीम बस के पास पहुंच गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद बस के अंदर फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू हुआ। फायर ब्रिगेड की टीम ने बस के पिछले हिस्से को काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद एक-एक कर 9 शव बाहर निकाले गए। मृतकों में 8 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे पर तैनात करीब 20 एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। एडीएम अजीत कुमार सिंह के मुताबिक, कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद महोबा भेज दिया गया। एक महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। --------------------------------- ये खबर भी पढ़िए- नोएडा में AC बस में आग लगी, 9 जिंदा जले:यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसा, 35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही थी यूपी के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर AC बस में आग लग गई। हादसे में 9 यात्री जिंदा जल गए। इनमें 8 पुरुष और एक महिला है। बस में 35 यात्री सवार थे। कई यात्रियों ने खिड़की तोड़कर कूदकर जान बचाई, जबकि 20 यात्रियों को रेस्क्यू किया। शव बुरी तरह जल गए हैं, पहचान करना मुश्किल है। पढ़ें पूरी खबर…
समाचार स्रोत
यह खबर Dainik Bhaskar Uttar Pradesh से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗