बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार (03 नवंबर, 2026) को दिल्ली में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच बिहार के कई मुद्दों पर बातचीत हुई.
सम्राट चौधरी ने दीपावली और छठ को लेकर बिहार के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का अनुरोध किया. इस पर केंद्रीय रेल मंत्री ने बताया कि दीपावली और छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए बिहार के लिए सामान्य तौर पर संचालित लगभग 12 हजार ट्रेनों की तुलना में 15 हजार ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की गई है.
इस पर भी चर्चा हुई कि जनवरी (2027) में पटना साहिब में आयोजित होने वाले 360वें प्रकाश पर्व को ध्यान में रखते हुए 9 से 16 जनवरी के बीच बिहार के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी.
सीतामढ़ी से अयोध्या तक वंदे भारत चलाने का प्रस्ताव
इस मौके पर मुख्यमंत्री द्वारा सीतामढ़ी और अयोध्या के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के प्रस्ताव पर केंद्रीय रेल मंत्री ने सहमति जताई. इस रेल सेवा के शुरू होने से दोनों धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के बीच आवागमन सुगम होगा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
मढ़ौरा और मधेपुरा रेल इंजन कारखाने पर चर्चा
दोनों नेताओं ने बैठक के दौरान मढ़ौरा और मधेपुरा स्थित रेल इंजन निर्माण कारखानों के भविष्य और उत्पादन क्षमता के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई. इस दौरान दोनों कारखानों को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की योजना पर चर्चा हुई.
यह भी पढ़ें- MLC चुनाव में बीजेपी ने किया भितरघात? उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी का बड़ा बयान
बिहार में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, लंबित रेल परियोजनाओं में तेजी लाने, यात्री सुविधाओं का विस्तार करने और सूचना प्रौद्योगिकी और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत हुई.
दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने गयाजी में विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का विषय भी उठा. इस पर केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि यदि राज्य सरकार आवश्यक भूमि अधिग्रहण सुनिश्चित करती है, तो रेलवे डोभी-चतरा रेल लाइन से गयाजी के औद्योगिक क्षेत्र तक नई संपर्क रेल लाइन बिछाने के लिए तैयार है. बैठक के दौरान बिहटा-औरंगाबाद और सुल्तानगंज-कटोरिया रेल लाइन परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने पर भी चर्चा हुई. कई और मुद्दों पर भी बात हुई.
यह भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी ने दिल्ली में कहा- बिहार की दो कमजोरी… पानी और आबादी



