24 नवंबर 2026, 3:39 PM
हर खबर, हर पल
हमारे बारे मेंसंपर्क
विश्व

रोहिंग्या नरसंहार विवाद: ICJ के फैसले को म्यांमार ने ठुकराया, UNSC की बैठक बुलाएगा फ्रांस

म्यांमार में रोहिंग्या नरसंहार विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (ICJ) द्वारा 2017 में रोहिंग्याओं के खिलाफ हुए नरसंहार के लिए म्यांमार को जिम्मेदार ठहराते हुए फैसला सुनाने के कुछ ही दिनों बाद म्यांमार ने इसे मानने से इनकार कर दिया है.

रोहिंग्या नरसंहार विवाद: ICJ के फैसले को म्यांमार ने ठुकराया, UNSC की बैठक बुलाएगा फ्रांस
स्रोत: abp news world
शेयर करेंWhatsAppFacebook

म्यांमार में रोहिंग्या नरसंहार विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (ICJ) द्वारा 2017 में रोहिंग्याओं के खिलाफ हुए नरसंहार के लिए म्यांमार को जिम्मेदार ठहराते हुए फैसला सुनाने के कुछ ही दिनों बाद म्यांमार ने इसे मानने से इनकार कर दिया है. 

फ्रांस का विदेश मंत्रालय अब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक बुलाने की योजना बना रहा है. फ्रांस इस मामले को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ले जाने की तैयारी कर रहा है और कोर्ट के फैसले को न मानने के लिए म्यांमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है.

फ्रांस क्या करेगा
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि म्यांमार द्वारा ICJ (अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय) के फैसले को ठुकरा दिए जाने के बाद वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक बैठक बुलाने की मांग करेगा. मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया कि ICJ द्वारा दिए गए फैसले अंतिम और संबंधित पक्षों पर बाध्यकारी होते हैं और उन्हें अंतर्राष्ट्रीय कानून के अनुसार लागू किया जाना चाहिए.

संयुक्त राष्ट्र चार्टर
फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर का भी हवाला दिया, जिसके तहत अगर विवाद का कोई पक्ष ICJ के फैसले का पालन नहीं करता है, तो सुरक्षा परिषद उस फैसले को लागू कराने के लिए कदम उठा सकती है. संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 94 के तहत सभी सदस्य देशों के लिए यह अनिवार्य है कि वे उन मामलों में अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय के फैसलों का पालन करें, जिनमें वे एक पक्ष हैं. 

द गाम्बिया का क्या है रोल
अनुच्छेद 94(2) में यह भी प्रावधान है कि यदि कोई पक्ष अदालत के फैसले के तहत अपने दायित्वों को पूरा करने में विफल रहता है, तो मामले का दूसरा पक्ष संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से संपर्क कर सकता है. इस मामले में द गाम्बिया जिसने म्यांमार के खिलाफ नरसंहार का मुकदमा दायर किया था, वो फैसले का पालन न होने पर सुरक्षा परिषद से हस्तक्षेप की मांग कर सकता है. इसके बाद सुरक्षा परिषद फैसले को लागू कराने के लिए सिफारिशें दे सकती है या कोई कदम उठाने का निर्णय ले सकती है.

अमेरिका से जुड़ा एक मामला आया सामने
इससे पहले साल 1986 में निकारागुआ ने सुरक्षा परिषद से हस्तक्षेप की मांग की थी, क्योंकि अमेरिका ने ICJ के एक फैसले को मानने से इनकार कर दिया था. इस फैसले में कहा गया था कि अमेरिका ने निकारागुआ के खिलाफ अपनी सैन्य गतिविधियों के जरिए अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया है. हालांकि, अमेरिका ने फैसले का पालन करने की मांग करने वाले एक प्रस्ताव के मसौदे पर वीटो लगा दिया, जिससे आगे की कोई भी कार्रवाई रुक गई. 

ये भी पढ़ें

सोनिया गांधी का इटली का बचपन वाला घर बनेगा म्यूजियम, किसने उठाया बड़ा कदम?

समाचार स्रोत

यह खबर abp news world से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

मूल स्रोत देखें ↗