बिहार में चौथे चरण के तहत शिक्षकों की भर्ती होनी है. इस बीच शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए राहत वाली खबर आई है. सोमवार (26 अक्टूबर, 2026) को बीपीएससी की ओर से जानकारी दी गई कि अब टीआरई-4 (TRE-4) के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तीन नवंबर तक बढ़ा दी गई है. अभ्यर्थियों को दो नवंबर तक शुल्क का भुगतान करना होगा.
पहले यह तिथि 26 अक्टूबर ही थी. शुल्क जमा करने की तिथि 25 अक्टूबर तक थी. अब करीब सात दिन का वक्त मिल गया है.
आवेदन की तिथि बढ़ने से कई अभ्यर्थियों को राहत मिली है. जो लोग किसी कारण से आवेदन नहीं कर सके थे वे अब कर पाएंगे. वे टीआरई-4 की परीक्षा में बैठ पाएंगे.
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह को एक और झटका, पत्नी नीलम देवी से छीना राज्य मंत्री का दर्जा
तिथि में क्यों हुआ बदलाव?
यह बदलाव सुप्रीम कोर्ट के एसएलपी (सिविल) डायरी नंबर 28464/2025 (रमन कुमार मंडल और अन्य बनाम बिहार राज्य और अन्य) में एक अगस्त 2025 को दिए गए आदेश के अनुसार किया गया है. साथ ही आयोग ने इस केस से जुड़े सभी वादियों के लिए एक जरूरी निर्देश भी जारी किया है. एक अगस्त 2025 के आदेश से जुड़े सभी वादियों को सूचित किया गया है कि वे अपना नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्म तिथि का प्रमाण, आधार नंबर और मोबाइल नंबर 29 अक्टूबर 2026 तक पटना स्थित आयोग के कार्यालय में जरूर जमा करें.
33 हजार से अधिक पदों पर होनी है भर्ती
बता दें कि बिहार में तीन चरण में शिक्षकों की बहाली हो चुकी है. इस बार चौथा चरण है. टीआरई-4 में विद्यालय अध्यापकों के कुल 33 हजार 320 रिक्त पदों पर नियुक्ति होनी है. इसके लिए अभी भर्ती प्रक्रिया चल रही है. आवेदन लिए जा रहे हैं. इसके बाद परीक्षा की तिथि जारी होगी. अभी एग्जाम की तिथि की कोई जानकारी नहीं दी गई है. दिसंबर या जनवरी (2027) में परीक्षा संभावित है.
यह भी पढ़ें- खरगे के विवादित बयान के पीछे रणनीति? गिरिराज सिंह का बड़ा बयान


