जमुई की घटना पर जारी सियासत के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी (एलजेपीआर) के सांसद अरुण भारती ने बड़ा बयान दिया है. अरुण भारती जमुई से ही सांसद हैं. उन्होंने छेड़छाड़ और बैड टच मामले में सीधे तौर पर आरजेडी पर हमला किया है.
अरुण भारती ने कहा कि आरजेडी से जुड़े कुछ लोग अक्सर ऐसी घटनाओं में शामिल रहते हैं और लगातार कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करते हैं. हालांकि, उन्हें यह समझना चाहिए कि यह सम्राट चौधरी और चिराग पासवान के नेतृत्व वाली सरकार है. ऐसी घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को निश्चित रूप से इसके नतीजे भुगतने होंगे.
'SP से बात की, तालमेल बिठा रहे'
सांसद अरुण भारती ने कहा, "...हम इस मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस के लगातार संपर्क में हैं… मैंने SP से बात की है और हम लगातार तालमेल बिठा रहे हैं. हर संभव कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने घटना का स्वतः संज्ञान लिया और तुरंत FIR दर्ज की. तीन आरोपियों को पहले ही पकड़ा जा चुका है और बाकी चार की तलाश जारी है. उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है..."
यह भी पढ़ें- 'बिहार में कोई सुरक्षित नहीं, PM मोदी जिम्मेदार', जमुई की घटना पर तेजस्वी यादव
एनकाउंटर करने की मांग
इस मामले में एलजेपी रामविलास के खगड़िया से सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि वीडियो के बाद सभी लोगों के संज्ञान में मामला आया. हम लोगों ने भी इस वीडियो को देखा. जिस तरह से कुछ लोगों ने उस छोटी बहन के साथ दुर्व्यवहार किया वो किसी भी रूप में स्वीकार नहीं है. मैंने इस संबंध में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कानूनी रूप से सिर्फ सजा नहीं दी जाए, जैसे पहले भी एनकाउंटर किए गए हैं इस विषय पर भी उसी तरह का संज्ञान लेने की जरूरत है.
राजेश वर्मा ने कहा कि ऐसी मानसिकता वाले लोगों के चलते बिहार बदनाम होता है. बिना देरी एनकाउंटर करना चाहिए ताकि स्पष्ट संदेश जाए कि किसी बहन के साथ करेंगे तो हमारा अंजाम ये होगा. ये मिसाल मुझे लगता है कि सम्राट चौधरी को पेश करना चाहिए.
यह भी पढ़ें- जमुई: ADG का खुलासा, 7-8 युवकों के नाम आए, VIDEO शेयर करने वालों पर एक्शन
