कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मौजूदा सरकारों को लेकर दिए गए बयान पर बिहार सरकार में मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि खरगे जिस जगह की सरकार को वैध मानते हैं, वहां सब लीगल हो जाता है और दूसरी जगह इलीगल. सुमन ने कहा कि चुनाव संवैधानिक प्रक्रिया के तहत होते हैं और जनता के वोट से सरकार बनती है.
गयाजी में संतोष सुमन ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और जनता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर प्रतिनिधियों को चुनती है. उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही लोग जीतकर आते हैं. सुमन ने खरगे के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर किसी जगह उनकी सरकार है तो वह लीगल और दूसरी जगह इलीगल कैसे हो सकती है.
यह भी पढ़ें- मोकामा में गंगा पर नया रेल पुल तैयार, इन यात्रियों का सफर होगा आसान
खरगे ने चुनावों को बताया था 'अवैध'
दरअसल, 3 अक्टूबर को कर्नाटक के कलबुर्गी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने देश में हुए चुनावों पर सवाल उठाते हुए उन्हें 'अवैध' बताया था. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राज्यों के मुख्यमंत्री भी ऐसे चुनावों के जरिए पद पर हैं. खरगे ने लोकसभा और सभी विधानसभा भंग कर नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की थी. उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की बात भी कही थी.
पटना, बिहार: मंत्री संतोष सुमन ने मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर कहा, "अब मल्लिकार्जुन खड़गे की सरकार जहां है, वहां सब लीगल हो गया और दूसरे जगह इलीगल हो गया। उनकी बात मैं क्या करूं, लेकिन हम समझते हैं कि संविधान के तहत और जो चुनाव आयोग है, संवैधानिक संस्था है। जनता ने वोट दिया है और जनता के आशीर्वाद से हर कोई जीत कर आता है..."
— IANS Hindi (@IANSKhabar) October 5, 2026
गयाजी में HAM समर्थक की हत्या पर बोले सुमन
वहीं संतोष सुमन ने गयाजी में HAM के एक समर्थक की हत्या के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था ठीक है, लेकिन समाज में कुछ ऐसे लोग हैं जो कानून से नहीं डरते. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और सरकार उन्हें दंडित करने की कार्रवाई कर रही है.
फास्ट ट्रैक कोर्ट से जल्द सजा की बात
सुमन ने कहा कि इस तरह की घटनाओं में आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार की ओर से कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए मामलों की सुनवाई और जल्द सजा दिलाने की बात कही. मंत्री ने कहा कि जो लोग इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
यह भी पढ़ें- 'राहुल गांधी सरकार गिरा देते, लेकिन...', उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा बयान

