27 अक्टूबर 2026, 6:48 PM
हर खबर, हर पल
हमारे बारे मेंसंपर्क
राष्ट्रीय

शारदा नगर में कूड़े का अंबार,जीना हुआ दुश्वार:डीएम से शिकायत करने पहुंचे लोग, बाेले- सालों से नहीं हुआ समाधान

कानपुर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन शारदा नगर में गंदगी से परेशान लोगों ने मंगलवार को जिला प्रशासन से गुहार लगाई। नौ नंबर क्रॉसिंग से माउंट कॉर्मल स्कूल तक करीब 300 मीटर सड़क पर कूड़ा डाले जाने से स्थानीय लोग परेशान हैं। उनका आरोप है कि रिहायशी इलाके में कूड़े का अवैध संग्रहण केंद

शारदा नगर में कूड़े का अंबार,जीना हुआ दुश्वार:डीएम से शिकायत करने पहुंचे लोग, बाेले- सालों से नहीं हुआ समाधान
स्रोत: dainik bhasker category
शेयर करेंWhatsAppFacebook
कानपुर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन शारदा नगर में गंदगी से परेशान लोगों ने मंगलवार को जिला प्रशासन से गुहार लगाई। नौ नंबर क्रॉसिंग से माउंट कॉर्मल स्कूल तक करीब 300 मीटर सड़क पर कूड़ा डाले जाने से स्थानीय लोग परेशान हैं। उनका आरोप है कि रिहायशी इलाके में कूड़े का अवैध संग्रहण केंद्र बना दिया गया है। यहां दिनभर कूड़े का ढेर लगा रहता है। बदबू और गंदगी के बीच लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों को हो रही है। इलाके के लोगों का दावा है कि कूड़े के ढेर पर जुटने वाले आवारा पशु बच्चों पर हमला कर देते हैं। इससे कई बार बच्चे घायल भी हुए हैं। स्थानीय लोगों ने कूड़ा केंद्र हटाने, नालियों की सफाई कराने और स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की है। स्कूल के पास कूड़ा, सड़क से निकलना मुश्किल शारदा नगर के रहने वाले नरेश मिश्रा ने बताया कि नौ नंबर क्रॉसिंग से माउंट कॉर्मल स्कूल तक सड़क किनारे कूड़ा डाला जाता है। इसमें घरेलू कचरे के साथ गोबर, अस्पतालों और रेस्टोरेंट का कचरा भी शामिल है। कूड़े के आसपास आवारा पशुओं और सूअरों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है। लोगों का कहना है कि स्कूल के पास होने के कारण बच्चों को रोजाना इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। कूड़े के ढेर और पशुओं की वजह से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई साल से समस्या, शिकायतों के बाद भी राहत नहीं अधिवक्ता नरेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने कई साल पहले इस स्थान पर कूड़ा घर बना दिया था। इसके कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित रहता है। कूड़े के ढेर पर जमा होने वाले आवारा पशु बच्चों पर हमला कर देते हैं, जिससे उनके चोटिल होने की घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों को अब भी गंदगी, बदबू और असुरक्षित रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में कई अन्य स्थानों पर भी इसी तरह कूड़ा एकत्र किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराकर अवैध रूप से संचालित कूड़ा संग्रहण केंद्रों को हटाने की मांग की। रात में अंधेरा, नालियों में भरा बदबूदार पानी अधिवक्ता नरेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि अधिकारियों की ओर से बार-बार समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन कई साल बाद भी हालात नहीं बदले हैं। उन्होंने कहा कि मोहल्ले के लोगों का जीना दूभर हो चुका है। आवारा पशु और सूअर कूड़े के ढेर पर जमा रहते हैं। बच्चों पर हमले और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी है। इसलिए हम लोग धरने पर बैठे हैं, ताकि डीएम खुद स्थिति देखें और कूड़ा घर हटवाने की कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ हवा और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए। सरकार के स्वच्छ भारत अभियान के अनुरूप इलाके में सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। 100 से ज्यादा स्थानों पर कूड़ा केंद्र होने का दावा शारदा नगर निवासी अरविंद पिपरिया ने बताया कि हवा चलने पर कूड़े की बदबू घरों तक पहुंचती है और रात में सोना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग स्किन की बीमारियों से परेशान हैं। नगर निगम में कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कूड़ा डालने वालों को रोकने पर विवाद की स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासी हाउस टैक्स देते हैं, इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सफाई सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। डीएम से तत्काल कार्रवाई की मांग क्षेत्रीय निवासी विमल पाल ने कहा कि कूड़े के कारण आवारा जानवरों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि नगर निगम और अन्य अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से नौ नंबर क्रॉसिंग से माउंट कॉर्मल स्कूल तक सड़क पर कूड़ा डालने की समस्या का स्थायी समाधान कराने, कूड़ा संग्रहण केंद्र हटवाने, नालियों की सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक कूड़ा हटाकर नियमित सफाई नहीं कराई जाती, तब तक बच्चों की सुरक्षा और क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की समस्या बनी रहेगी।
समाचार स्रोत

यह खबर dainik bhasker category से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

मूल स्रोत देखें ↗