सहारनपुर के महिला अस्पताल से नवजात चोरी:CCTV में बच्चे को गोद में ले जाती दिखी महिला, टीका लगवाने के बहाने पिता से लिया था 12 घंटे पहले जन्मा बेटा
सहारनपुर में जिला महिला अस्पताल में सोमवार को नवजात शिशु चोरी होने से हड़कंप मच गया। प्रसव के करीब 12 घंटे बाद ही एक महिला बच्चे को उसके पिता से टीका लगवाने के बहाने गोद में लेकर गायब हो गई। महिला ने बच्चे के पिता को टीके का कार्ड लाने के लिए भेज दिया था। पिता कार्ड लेकर वापस लौटा तो महिला और उसका नवजात बेटा दोनों वहां से गायब थे।

सहारनपुर में जिला महिला अस्पताल में सोमवार को नवजात शिशु चोरी होने से हड़कंप मच गया। प्रसव के करीब 12 घंटे बाद ही एक महिला बच्चे को उसके पिता से टीका लगवाने के बहाने गोद में लेकर गायब हो गई। महिला ने बच्चे के पिता को टीके का कार्ड लाने के लिए भेज दिया था। पिता कार्ड लेकर वापस लौटा तो महिला और उसका नवजात बेटा दोनों वहां से गायब थे। काफी तलाश के बाद भी बच्चे का पता नहीं चला। सूचना पर पहुंची जनकपुरी पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें सफेद कपड़े पहने एक महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर जाती दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान और बच्चे की तलाश में जुटी है। रविवार देर रात हुआ था बेटे का जन्म देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम ने अपनी पत्नी शबाना को प्रसव के लिए रविवार को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे शबाना ने बेटे को जन्म दिया। सोमवार दोपहर नाजिम नवजात को टीका लगवाने के लिए लेकर ऑपरेशन थियेटर के पास पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक महिला ने उससे बातचीत शुरू की। महिला ने बच्चे को टीका लगवाने की बात कहते हुए नाजिम से नवजात को अपनी गोद में ले लिया। इसके बाद महिला ने नाजिम को टीके का कार्ड लाने के लिए भेज दिया। नाजिम कार्ड लेने के बाद जब वापस लौटा तो वहां महिला और बच्चा मौजूद नहीं थे। उसने आसपास तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद नाजिम ने अस्पताल प्रशासन को घटना की जानकारी दी। नवजात के गायब होने की सूचना मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। फुटेज में सफेद कपड़ों में बच्चे को ले जाती दिखी महिला अस्पताल प्रशासन की सूचना पर जनकपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की। फुटेज में सफेद कपड़े पहने एक महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर की ओर जाती दिखाई दे रही है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने और उसके संभावित रास्तों की जानकारी जुटा रही है। बच्चे की तलाश के लिए पुलिस अस्पताल परिसर के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी जांच कर रही है। सीएमएस बोलीं- अस्पताल के सभी कैमरे चालू, पुलिस को दी फुटेज जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. इंद्रा सिंह ने बताया कि अस्पताल परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हैं। घटना से संबंधित फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है। फुटेज में दिखाई दे रही महिला अस्पताल की कर्मचारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। नवजात की बरामदगी के लिए जांच जारी है।
समाचार स्रोत
यह खबर Dainik Bhaskar Uttar Pradesh से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗
