हत्या के लिए 3 शूटरों को मिला था कॉन्ट्रैक्ट:प्रयागराज में सैलून के अंदर युवक पर बरसाईं गोलियां, परिजनों ने किया हंगामा
प्रयागराज में सैलून में शेविंग करा रहे अरविंद पासी (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 3 शूटरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिनमें 4 गोलियां उसे लगीं। पुलिस की जांच में सामने आया कि अरविंद एक हत्या के मामले में गवाह था। गवाही से हटने के लिए उसे बार-बार धमकियां दी जा रही थीं। इसी रंजिश में आरोपियों ने कॉन्ट्रैक्ट पर 3 शूटरों

प्रयागराज में सैलून में शेविंग करा रहे अरविंद पासी (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 3 शूटरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिनमें 4 गोलियां उसे लगीं। पुलिस की जांच में सामने आया कि अरविंद एक हत्या के मामले में गवाह था। गवाही से हटने के लिए उसे बार-बार धमकियां दी जा रही थीं। इसी रंजिश में आरोपियों ने कॉन्ट्रैक्ट पर 3 शूटरों को हायर किया था। उन्होंने करीब 2 दिनों तक उसकी रेकी की थी। गुरुवार को अरविंद अपनी मौसी के बेटे के तिलक समारोह में जाने के लिए शेविंग कराने पहुंचा था। घर से करीब 200 मीटर दूर यूको बैंक के पास सैलून में जैसे ही वह कुर्सी पर बैठा, शूटरों ने हमला कर दिया। घायल अरविंद को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए करीब 2 घंटे तक हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। आज दोपहर में शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे अल्लापुर थाना क्षेत्र में हुई। अब जानिए पूरा मामला… अरविंद अल्लापुर के पूरा दलेल का रहने वाला था। गुरुवार को उसकी मौसी के बेटे का तिलक था। इसी में जाने के लिए वह शेरू नाई की दुकान पर शेविंग कराने पहुंचा था। यूको बैंक के पास दुकान पर अरविंद कुर्सी पर बैठा था, तभी चेहरा ढके तीन हमलावर वहां पहुंचे। एक ने रुमाल और दूसरे ने कैप लगा रखी थी। एक हमलावर ने नाई के सिर पर तमंचा लगा दिया, जबकि बाकी दो ने अरविंद पर गोलियां चला दीं। उसे सिर, पीठ और पेट के पास चार गोलियां लगीं। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजन और पुलिस घायल अरविंद को एसआरएन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से पोस्टमॉर्टम हाउस तक मची रही चीख-पुकार घटना के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंचे डीसीपी सिटी सागर जैन और एडीसीपी सिटी श्रुति श्रीवास्तव ने उन्हें समझाया। इसी दौरान एक महिला घटना की जानकारी देते-देते बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन आरोपियों के एनकाउंटर की मांग कर रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तारी और कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद करीब दो घंटे में मामला शांत हुआ। प्रॉपर्टी डीलिंग करता था अरविंद अरविंद पांच भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। परिवार में पत्नी और एक बेटा है। उसकी मां का निधन हो चुका है। परिजनों के मुताबिक, वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। उस पर गोकशी के आरोप में भी मुकदमे दर्ज थे। घरवालों का आरोप- गवाही से रोकने के लिए मिल रही थीं धमकियां पिछले साल 26 सितंबर को साजन मेहतर की ईंट-पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अरविंद गवाह था और मुकदमे की पैरवी भी कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि उसे गवाही देने से रोकने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उस पर सुलह करने की धमकी दी जा रही थी। परिवार के मुताबिक, इस संबंध में स्थानीय थाने और एसीपी कार्यालय में कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। क्या था साजन मेहतर हत्याकांड? 26 सितंबर 2025 को दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के हेजा अस्पताल परिसर में साजन मेहतर की हत्या कर दी गई थी। एफआईआर के मुताबिक, मिर्जापुर रोड के पास बाइक टकराने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद सिकंदर पासी, गुड्डू पासी, सुधीर पासी, प्रिंस पासी समेत 15 लोगों ने साजन पर ईंट-पत्थरों से हमला किया था। साजन के खिलाफ 21 मुकदमे दर्ज थे। इस हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस ने एसओजी समेत पांच टीमें बनाई थीं। डीसीपी नगर सागर जैन ने बताया- घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। आज शव का पोस्टमॉर्टम होगा।
समाचार स्रोत
यह खबर dainik bhasker category से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗
