बिहार में अनंत सिंह की विधायकी खत्म कराने की पहल को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पार्टी अनुशासन पर जोर दिया है. उन्होंने कहा कि पार्टी में फैसले सबकी सहमति से होते हैं. अंतिम मुहर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगाते हैं. फैसला किसी को पसंद आए या नहीं, उसे मानना पड़ेगा. इस दौरान संजय झा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा.
संजय झा ने कहा कि कोई भी पार्टी अनुशासन से चलती है. अगर अनुशासन नहीं होगा, तो संगठन के अंदर भी अराजकता फैल जाएगी. उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा जैसे कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है. झा ने कहा कि जदयू में फैसले सामूहिक सहमति से लिए जाते हैं और नीतीश कुमार उन पर अंतिम मुहर लगाते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि फैसले को स्वीकार करना पार्टी के हर सदस्य की जिम्मेदारी है.
यह भी पढ़ें- करवा चौथ 2026: पटना से गया तक, जानें किस जिले में कितने बजे निकलेगा चांद?
नीरज कुमार की जीत को नेतृत्व की जीत बताया
पटना स्नातक सीट पर जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार की जीत पर भी संजय झा ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इसे नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी के नेतृत्व की जीत बताया. झा ने कहा कि नीरज कुमार तीसरी बार चुनाव जीते हैं. यह जीत पार्टी के नेतृत्व और संगठन के लिए अहम है.
कांग्रेस की रैली पर साधा निशाना
एक नवंबर को प्रस्तावित रैली को लेकर संजय झा ने कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता दिल्ली चलो की बात कर रहे हैं, जबकि जनता उन्हें पटना और कर्नाटक छोड़ने का संदेश दे रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि बैलेट से चुनाव होने के बावजूद कांग्रेस का प्रदर्शन कैसा रहा. संजय झा ने कहा कि जनता ने चुनाव में अपना फैसला सुना दिया है.
चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को लेकर तंज
संजय झा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे लोगों के साथ मिलकर देश का माहौल खराब करना चाहती है, जो बांग्लादेश से प्रेरणा लेते हैं. उन्होंने कहा कि बैलेट से चुनाव होने के बाद अब सवाल किस पर उठाए जाएंगे- चुनाव आयोग पर या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर?
यह भी पढ़ें- बिहार विधानमंडलः नए MLC को जल्द मिलेगा मौका, 30 नवंबर से सदन की कार्यवाही

