अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने शुक्रवार (20 नवंबर 2026) को खुलासा किया कि सुरक्षा खतरों के चलते वे अभी भी एक मिलिट्री बेस में रह रहे हैं. उन्होंने दो टूक कहा कि खुद पर मंडरा रहे खतरों के बावजूद अमेरिका ईरान के 'रिवोल्यूशनरी गार्ड्स' (IRGC) पर अपना आर्थिक शिकंजा कसना जारी रखेगा. उन्होंने ईरान पर जारी आर्थिक प्रतिबंधों, अपनी सुरक्षा और अमेरिकी बच्चों के लिए शुरू किए गए 'ट्रंप अकाउंट्स' को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं.
सीएनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ईरान की ओर से उन्हें मिल रही धमकियां इस बात का सबूत हैं कि अमेरिका के आर्थिक प्रतिबंधों और दबाव का असर हो रहा है. उन्होंने कहा कि अगर ईरानी मेरे पीछे पड़े हैं, तो इसका साफ मतलब है कि उन पर दबाव बढ़ रहा है और वे शिकंजे में फंस रहे हैं. उन्होंने कहा कि इतिहास में पहली बार ईरान के पास समुद्र के रास्ते बेचने के लिए बिल्कुल भी कच्चा तेल नहीं बचा है. उन्होंने कहा कि उस पर दबाव तब तक जारी रहेगा जब तक वह किसी समझौते के लिए तैयार नहीं हो जाता.
इंटरव्यू के दौरान बेसेंट से पूछा गया कि क्या ईरान पर दबाव बनाने को लेकर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से कोई आश्वासन मिला है? इस पर उन्होंने बताया कि ईरान के तेल उत्पादन के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि उसके पास समुद्र में निर्यात के लिए कोई तेल नहीं बचा है. उन्होंने कहा, 'दुनिया ने दिखा दिया है कि वह ईरानी कच्चे तेल के बिना रह सकती है. जंग शुरू होने के बाद से बीती रात स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सबसे बड़ी मात्रा में कच्चा तेल गुजरा है.'
बेसेंट के मुताबिक, शेनझेन में अमेरिका, रूस और चीन के बीच इस बात पर पूरी सहमति बनी है कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही की स्वतंत्रता सबसे अहम है.
धमकियों के बीच मिलिट्री बेस में रह रहे हैं बेसेंट
सुरक्षा खतरों के कारण मिलिट्री बेस में रहने के सवाल पर बेसेंट ने कहा कि वे ईरानियों से डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा, 'हमारा ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट पिछले ढाई महीने से चल रहा है, जो इतिहास में किसी भी देश का सबसे बड़ा आर्थिक बहिष्कार है. अगर ईरानी मेरे पीछे पड़े हैं तो इसका मतलब है कि उन पर शिकंजा कस रहा है.'
'ट्रंप अकाउंट्स' पर क्या बोले बेसेंट?
स्कॉट बेसेंट ने अमेरिकी बच्चों के भविष्य के लिए बनाए गए 'ट्रंप अकाउंट्स' पर भी बात की. उन्होंने सीनेटर बर्नी सैंडर्स पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार एआई (AI) कंपनियों पर कब्जा करने के बजाय चाहती है कि सफल उद्यमी अपनी संपत्ति का हिस्सा समाज के साथ बांटें. बेसेंट ने ऐलान किया कि एलन मस्क जनवरी में हर 'ट्रंप अकाउंट' में स्पेसएक्स (SpaceX) का एक शेयर दान करेंगे. करीब 7 करोड़ (70 मिलियन) खातों में यह दान अमेरिकी बच्चों के लिए लगभग 10 अरब डॉलर का तोहफा होगा.




