बिहार में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच छपरा जिले के पानापुर प्रखंड में गुरुवार (1 अक्टूबर 2026) सुबह बड़ा हादसा हो गया. सरौजा भगवानपुर गांव के पास सारण मुख्य तटबंध टूट गया. तटबंध टूटने के बाद पानी तेज गति से निचले इलाकों की ओर फैलने लगा, जिससे पानापुर के साथ-साथ तरैया क्षेत्र में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. घटना के बाद आसपास के गांवों में अफरातफरी की स्थिति बन गई. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सतजोड़ा के समीप तटबंध टूटने के बाद गंडक का पानी तेजी से गांवों और खेतों की तरफ बढ़ रहा है. कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों में बाढ़ को लेकर चिंता बढ़ गई है. प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने और खतरा बढ़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है.
यह भी पढ़ें- बिहार: 13 साल की नौकरी में दरोगा बना करोड़पति, EOU की छापेमारी में खुलासा
प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग मौके पर
तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव की तैयारियां शुरू कीं. फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी और विभागीय टीमें पानी के फैलाव पर नजर बनाए हुए हैं.
बढ़ते जलस्तर से तटबंधों पर था दबाव
पिछले कई दिनों से गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही थी. इसके कारण पानापुर क्षेत्र के विभिन्न तटबंधों पर दबाव और रिसाव की सूचना मिल रही थी. प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से बचाव कार्य भी किए जा रहे थे, लेकिन पानी के लगातार बढ़ते दबाव के बीच सरौजा भगवानपुर के पास सारण तटबंध टूट गया.
गोपालगंज और मकेर में भी तटबंध प्रभावित
इससे पहले गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर प्रखंड में मुख्य दाएं तटबंध के अंदर स्थित बांधौली-शीतलपुर-फैजुल्लाहपुर (बीएसएफ) जमींदारी बांध शीतलपुर गांव के पास बुधवार तड़के करीब छह मीटर लंबाई में टूट गया था. वहीं, छपरा के मकेर प्रखंड के हैजलपुर गांव में गंडक नदी का दायां सारण तटबंध मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब आठ मीटर तक धंस गया. विभाग के अनुसार, हैजलपुर, परमानंद छपरा और नौकराहा के निचले इलाकों में पानी भरने और संपर्क व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा है. प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में जुटा है.
यह भी पढ़ें- पवन सिंह फिर विवादों में! 'हरकत' देख RJD भड़की, यूजर्स बोले- 'पउआ स्टार'
