जमुई कांड के आरोपी हरेराम यादव की बुधवार (23 सितंबर, 2026) को कोर्ट में पेशी हुई. पेशी के बाद जब उसे पुलिस लेकर जाने लगी तो कोर्ट परिसर में एक वकील ने उसके गाल पर थप्पड़ जड़ दिया. इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
पेशी के दौरान भीड़ से एक आवाज आती रही कि क्या तुम अपनी बहन के साथ भी यही करते? हरेराम यादव को थप्पड़ मारने वाले वकील का नाम आकाश पांडेय है. हालांकि थप्पड़ मारते ही पुलिस ने तुरंत हरेराम यादव को गाड़ी में बैठाया. इसके बाद लेकर उसे निकल गई.
शाम की है पूरी घटना
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बुधवार शाम की है. पुलिस अपनी सुरक्षा में हरेराम यादव को लेकर कोर्ट पहुंची थी. जब पेशी के बाद हरेराम यादव को लेकर जाने लगी तो गुस्साए वकील आकाश पांडेय ने थप्पड़ जड़ दिया. बताते चलें कि पुलिस दोपहर करीब 1:30 बजे हरेराम यादव को अस्पताल से लेकर कोर्ट की ओर निकली थी लेकिन ज्यादा भी होने के कारण उसे कोर्ट में समय पर पेश नहीं किया जा सका. इसके बाद शाम में जमुई कोर्ट लाया गया था.
यह भी पढ़ें- जमुई की घटना पर अब बोलीं मैथिली ठाकुर, 'कैसे रहना है, क्या पहनना है…'
इलाज के चलते नंदन की नहीं हुई पेशी
बता दें कि नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस की गोली से घायल है. उसका इलाज चल रहा है. इसके कारण आज (बुधवार) कोर्ट में उसकी पेशी नहीं हो सकी.
'बहन-बेटी के साथ होगा तो नहीं सहेंगे'
दूसरी और जमुई जिला विधिज्ञ संघ ने इस पर सख्त फैसला लेते हुए कहा है कि कोई भी वकील आरोपियों की पैरवी नहीं करेगा. थप्पड़ मारने वाले वकील आकाश पांडेय ने कहा कि कोई बहन-बेटी के साथ ऐसा करेगा तो हमलोग नहीं सह पाएंगे. थप्पड़ मारने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कानून के तहत मुझे जो सजा दी जाएगी उसके लिए मैं तैयार हूं.
यह भी पढ़ें- जमुई कांड: नंदन यादव के गांव वाले नाराज, बोले- लड़की गलत, बताया कैसे हुई घटना
