दिव्यांग युवक ने डीएम-एसपी और सीएम को गालियां दीं:जालौन में शराब के नशे में बीच सड़क पर हंगामा, वीडियो सामने आने पर जांच शुरू
जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जोल्हूपुर मोड़ पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शराब के नशे में धुत एक दिव्यांग युवक बीच सड़क पर आकर हंगामा करने लगा। युवक ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के सामने ही जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। सरेराह हुए

जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जोल्हूपुर मोड़ पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शराब के नशे में धुत एक दिव्यांग युवक बीच सड़क पर आकर हंगामा करने लगा। युवक ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के सामने ही जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। सरेराह हुए इस हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जोल्हूपुर मोड़ तिराहे पर अचानक पहुंचे युवक ने बीच सड़क पर खड़े होकर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। व्यस्त मार्ग होने के कारण दोनों ओर वाहनों के पहिये थम गए और कुछ ही पलों में जाम के हालात पैदा हो गए। आवागमन बाधित होते देख मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। सूचना पर तत्काल पहुंचे उपनिरीक्षक व अन्य पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
हंगामे के दौरान युवक का आक्रोश सातवें आसमान पर था। उसने खाकी वर्दी के सामने ही जिलाधिकारी (डीएम), पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित अन्य उच्चाधिकारियों के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर भी कई आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उग्र होने के बजाय धैर्य का परिचय दिया और लगातार उसे सड़क से हटने व शांत होने के लिए समझाते रहे। काफी देर तक चली कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद युवक शांत हुआ, तब जाकर यातायात सुचारु कराया जा सका। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित उसके पैतृक गांव इटौरा भेज दिया। वही बताया गया कि युवक के नशे की हालत में था। हालांकि पुलिस या डॉक्टरों द्वारा इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। युवक ने किस बात से क्षुब्ध होकर यह कदम उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
समाचार स्रोत
यह खबर dainik bhasker category से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗