13 अक्टूबर 2026, 11:26 AM
हर खबर, हर पल
हमारे बारे मेंसंपर्क
राष्ट्रीय

नेपाल में भूस्खलन के बीच बिहार में अलर्ट, गंडक नदी में बढ़ा पानी

नेपाल में फ्लैश फ्लड (अचानक आई बाढ़) से बिहार एक बार फिर अलर्ट मोड पर है. नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुब्री क्षेत्र में रविवार (11 अक्टूबर, 2026) सुबह भूस्खलन के कारण नारायणी नदी की सहायक बूढ़ी गंडक का प्रवाह बाधित हो गया. इससे अचानक बाढ़ की स्थिति उत्पन्

नेपाल में भूस्खलन के बीच बिहार में अलर्ट, गंडक नदी में बढ़ा पानी
स्रोत: abp news world
शेयर करेंWhatsAppFacebook

नेपाल में फ्लैश फ्लड (अचानक आई बाढ़) से बिहार एक बार फिर अलर्ट मोड पर है. नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुब्री क्षेत्र में रविवार (11 अक्टूबर, 2026) सुबह भूस्खलन के कारण नारायणी नदी की सहायक बूढ़ी गंडक का प्रवाह बाधित हो गया. इससे अचानक बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई.

जल संसाधन विभाग (बिहार) स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है. विभाग की ओर से यह जानकारी दी गई कि भूस्खलन प्रभावित स्थल भारत-नेपाल सीमा से करीब 180 से 210 किलोमीटर दूर स्थित है. 

विभाग की मानें तो नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से आसपास की बस्तियां प्रभावित हुई हैं. नेपाल के अधिकारियों ने बूढ़ी गंडक के किनारे और नदी के निचले प्रवाह वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए चेतावनी जारी की है. लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदी के तटों के समीप नहीं जाने की सलाह दी गई है.

गंडक के जलस्तर में 27 सेंटीमीटर की वृद्धि

नेपाल में भूस्खलन के चलते आया मटमैला पानी फिलहाल नेपाल के देवघाट क्षेत्र से गुजर रहा है, जो वाल्मीकिनगर बैराज से लगभग 80 किलोमीटर ऊपर स्थित है. इसके कारण गंडक नदी के जलस्तर में करीब 27 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है. 

जल संसाधन विभाग ने जलस्तर में 50 से 100 सेंटीमीटर तक और वृद्धि होने की आशंका जताई है. हालांकि नेपाल में बारिश की स्थिति नहीं है जो राहत वाली बात है.

यह भी पढ़ें- बिहार: भागलपुर में बांध टूटने से गंगा का कहर, कई घर नदी में समाए

दूसरी ओर बाढ़ की इस लहर के वाल्मीकिनगर बैराज पहुंचने की संभावना है. इसके पहुंचने पर बैराज के जलस्राव में करीब 25 हजार क्यूसेक की वृद्धि हो सकती है. वर्तमान में बैराज से लगभग 50 हजार क्यूसेक पानी का जलस्राव हो रहा है, जो बढ़कर करीब 75 हजार क्यूसेक तक पहुंच सकता है. 

जलस्तर की वृद्धि को देखते हुए अलर्ट

रविवार की शाम जल संसाधन विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि इस फ्लैश फ्लड का बिहार के भारतीय क्षेत्र में कोई बड़ा प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है. हालांकि, संभावित जलस्तर वृद्धि को देखते हुए संबंधित स्तरों पर सतर्कता बरती जा रही है. विभाग स्थिति की निगरानी कर रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें.

यह भी पढ़ें- किशनगंजः फोन पर पत्नी से बात, फिर गोली की आवाज… सिपाही की मौत से सनसनी

समाचार स्रोत

यह खबर abp news world से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

मूल स्रोत देखें ↗