प्रयागराज में बालू लदे ट्रैक्टर ने छात्र को कुचला, मौत:गांववालों ने हाईवे जाम किया, साइकिल से जा रहा था; हादसे के बाद चालक फरार
प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसा भोला का पुरवा में काली मंदिर के पास सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। प्रिंस भारतीय साइकिल से जा रहा था, तभी ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर को रोक लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया

प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसा भोला का पुरवा में काली मंदिर के पास सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। प्रिंस भारतीय साइकिल से जा रहा था, तभी ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर को रोक लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान भोला का पुरवा निवासी प्रिंस भारतीय (13) के रूप में हुई है। वह कक्षा चार में पढ़ता था। मंगलवार सुबह प्रिंस साइकिल से कहीं जा रहा था। काली मंदिर के पास पहुंचते ही वह बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। हंगामा की सूचना पर धूमनगंज थाना पुलिस और एसीपी मौके पर पहुंचे। पुलिस घरवालों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। घरवालों का कहना है कि जबतक आरोपी चालक नहीं पकड़ा जाता, जाम नहीं खोलेंगे। लोगों ने ट्रैक्टर रोका, चालक फरार हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने ट्रैक्टर को मौके पर रोक लिया, लेकिन चालक वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रैक्टर कल्लू यादव का बताया जा रहा है। कुछ लोगों ने चालक के नशे में होने की बात कही है। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क से दिनभर बालू लदे ट्रैक्टर गुजरते हैं। तेज रफ्तार से ट्रैक्टरों की आवाजाही के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लिया घटना की सूचना मिलते ही धूमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया और छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। प्रिंस के पिता ललन भारतीय मजदूरी और मिस्त्री का काम करते हैं। हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
समाचार स्रोत
यह खबर dainik bhasker category से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗