बुढ़वा मंगल पर हनुमान मंदिरों में आस्था का सैलाब:जालौन में सुबह से लगी कतारें, हाईवे पर डायवर्जन; सीसीटीवी से निगरानी
जालौन में मंगलवार को बुढ़वा मंगल का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही जिले के प्रमुख हनुमान मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्तों ने हनुमान बब्बा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसरों में अखंड रामायण, सुंदरकांड, हवन-पूजन और विशाल भ

जालौन में मंगलवार को बुढ़वा मंगल का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही जिले के प्रमुख हनुमान मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्तों ने हनुमान बब्बा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसरों में अखंड रामायण, सुंदरकांड, हवन-पूजन और विशाल भंडारे के आयोजन से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। कोंच नगर स्थित प्राचीन दोहर सरकार हनुमान मंदिर में बुढ़वा मंगल को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। सुबह सात बजे आरती के साथ ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। हजारों श्रद्धालु हनुमान जी के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। मंदिर में राम, जानकी, लक्ष्मण, लड्डू गोपाल और हनुमान जी की आकर्षक झांकी सजाई गई है। झांकी ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने झांकी के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। ठड़ेश्वरी मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों में धार्मिक आयोजन उरई के प्रसिद्ध ठड़ेश्वरी मंदिर समेत जिले के अन्य प्राचीन और प्रमुख हनुमान मंदिरों में भी बुढ़वा मंगल पर मेले और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। कई स्थानों पर सुंदरकांड पाठ, अखंड रामायण, हवन-पूजन और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। मंदिरों के आसपास प्रसाद, खिलौने, खान-पान और अन्य सामान की दुकानें भी सजी हैं। इन दुकानों पर खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। मंदिर परिसर के आसपास मेले जैसा माहौल बना हुआ है। आस्था के साथ व्यवस्थाओं पर भी रहा जोर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों और प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मंदिरों में बांस-बल्लियों के माध्यम से अलग-अलग कतारें बनाई गईं, ताकि श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जा सकें। कई स्थानों पर पेयजल समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की गईं। दोहर सरकार मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना पूरी होती है। इसी विश्वास के चलते दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। पुलिस बल तैनात, सीसीटीवी से निगरानी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के निर्देश पर बुढ़वा मंगल को लेकर जिले के प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। मंदिर परिसरों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखी गई। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार निगरानी की। हाईवे पर रूट डायवर्जन, विधायक ने किए दर्शन बुढ़वा मंगल पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर भी विशेष इंतजाम किए गए। भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए हाईवे के यातायात रूट में डायवर्जन किया गया। पुलिसकर्मी लगातार यातायात व्यवस्था संभालते रहे, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। वहीं माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने भी मंदिर पहुंचकर हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
समाचार स्रोत
यह खबर Dainik Bhaskar Uttar Pradesh से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗
