ओमान तट के पास हॉर्मुज में एक जहाज पर हमले और एक भारतीय नाविक मौत और अन्य 19 लोगों के रेस्क्यू को लेकर सरकार की तरफ से प्रतिक्रिया आई है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर बयान जारी किया है.
विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि हम ओमान के पूर्वी तट के पास कमर्शियल जहाज MV Cape Dao पर आज हुए हमले की निंदा करते हैं. इस जहाज में 20 भारतीय सवार थे. 19 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है, वहीं एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है.
बयान में कहा, 'हम पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. हमारा ओमान में भारतीय दूतावास इस घटना पर लगातार नजर रख रहा है. साथ ही भारतीय नाविकों की स्वदेशी वापसी सुनिश्चित करने के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है. हम ओमान के अधिकारियों समर्थन के लिए धन्यवाद करते हैं.'
Our statement on the attack on a commercial vessel off the coast of Oman ⬇️
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) September 23, 2026
🔗 https://t.co/gXzupV0MKT pic.twitter.com/GcrLw0FFmy
बयान में आगे कहा गया है, 'कमर्शियल जहाजों पर लगातार किए जा रहे हमले चिंताजनक हैं. हम तनाव कम करने और इलाके के जल्द शांति बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति की अपनी अपील दोहराते हैं. इलाके में कमर्शियल शिपिंग, नाविकों और आम लोगों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए.'
इसके आगे बयान में कहा गया है कि इलाके के इंटरनेशनल जलमार्गों से बिना किसी रुकावट के आवाजाही और व्यापार जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए.
टॉरपीडो हमले में यूपी के एक युवक की मौत
दरअसल, ओमान तट के पास हॉर्मुज में एक कमर्शियल जहाज पर टॉरपीडो हमले में यूपी के देवरिया में रहने वाले नाविक सूरज यादव की मौत हो गई है. इस जहाज में 20 भारतीय समेत कुल 28 लोग शामिल थे. जहाज के एक हिस्से और इंजन कक्ष में हमले से नुकसान हुआ है. फिलहाल रेस्क्यू कर लिया गया है, सभी को सुरक्षित स्थान पहुंचा दिया गया है.
