भाजपा नेता की कार पर पथराव करने वाले 3 अरेस्ट:कानपुर में कार से स्कूटी टकराने पर हुई थी मारपीट, कार के शीशे तोड़े
कानपुर के कोहना क्षेत्र में भाजपा नेता की कार पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। भाजपा नेता के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। रविवार को गणेश विसर्जन से लौटते समय कार का दरवाजा खोल

कानपुर के कोहना क्षेत्र में भाजपा नेता की कार पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। भाजपा नेता के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। रविवार को गणेश विसर्जन से लौटते समय कार का दरवाजा खोलने के दौरान पीछे से आ रही स्कूटी उससे टकरा गई थी। स्कूटी सवार युवक का चार साल का बेटा सड़क पर गिरने से घायल हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ और बाद में युवक अपने साथियों के साथ पहुंचा और कार पर ईंट-पत्थर बरसाए। पहले देखिए दो तस्वीरें… पत्नी-बच्चों के साथ गणेश विसर्जन करने गए थे स्वरूप नगर निवासी शैल शुक्ला भाजपा के सह कोषाध्यक्ष हैं। शैल के मुताबिक, रविवार शाम वह बेटे शिखर, अमन, पत्नी और बहू के साथ गणेश विसर्जन के लिए गंगा बैराज गए थे। रास्ते में कार का दरवाजा खोलने के दौरान पीछे से आ रही स्कूटी उससे टकरा गई। स्कूटी ग्वालटोली के गंगाराम रामपुरवा गांव निवासी संदीप निषाद चला रहा था। हादसे में उसका चार साल का बेटा प्रियांशु गिर गया और उसके सिर में चोट लग गई। हादसे के बाद दोनों पक्षों में हुआ विवाद घटना के बाद दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट हुई। राहगीरों के बीच-बचाव के बाद संदीप वहां से चला गया। शैल शुक्ला के मुताबिक, विसर्जन के बाद लौटते समय संदीप अपने भाई गोविंद निषाद, सागर समेत करीब एक दर्जन लोगों के साथ आया। आरोप है कि सभी ने कार रोककर उस पर पथराव शुरू कर दिया। इसी दौरान उनके बेटे की दो तोले की चेन भी गिर गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने भाजपा नेता के बेटे की तहरीर पर संदीप, उसके भाई गोविंद और सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया- रिपोर्ट दर्ज कर संदीप, गोविंद और सागर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
समाचार स्रोत
यह खबर Dainik Bhaskar Uttar Pradesh से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗
