मुंबई में 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड का जिस तरह खौफ हुआ करता था, उसी तरह की दहशत लॉरेंस बिश्नोई गैंग शहर में पैदा करना चाहता है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंग की मंशा है कि जिस तरह उस दौर में अंडरवर्ल्ड का फोन किसी बड़े कारोबारी या फिल्मी हस्ती के पास पहुंचते ही उनमें डर पैदा हो जाता था, वैसा ही डर अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से लोगों में होना चाहिए.
टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को कई ऐसे ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिनमें अंडरवर्ल्ड के नाम का जिक्र सुनाई दिया है. इन ऑडियो क्लिप की जांच के साथ पुलिस गैंग की मंशा और उसके नेटवर्क को समझने की कोशिश कर रही है.
भिवंडीः फेक पुलिस और कॉपीराइट अधिकारी ने वसूले 2 लाख रुपये, 5 गिरफ्तारमुंबई में दहशत पैदा कर रंगदारी वसूलना
मुंबई पुलिस की जांच के मुताबिक, बिश्नोई गैंग इस तरह की बड़ी वारदातों के जरिए मुंबई में अपना दबदबा कायम करना चाहता है. जांच एजेंसियों को शक है कि गैंग का मकसद दाऊद इब्राहिम और डी-कंपनी के पुराने प्रभाव को चुनौती देकर शहर में अपनी पकड़ मजबूत करना है. इसके साथ ही बिल्डरों और फिल्मी हस्तियों के बीच दहशत पैदा कर बड़े पैमाने पर रंगदारी वसूलना भी गैंग की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में और खुलासे
इसी बीच, अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने हरियाणा से 12वें आरोपी अमन को गिरफ्तार किया है. अमन से पूछताछ में साजिश के लिए किए गए पैसों के लेन-देन को लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं.
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पहले से गिरफ्तार आरोपी कुणाल के कहने पर अमन ने आरोपी महिला राधा के बैंक खाते में 12 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे. यह रकम उस समय भेजी गई थी, जब राधा दिल्ली से हथियारों की खेप लेकर मुंबई आने वाली थी.
एक महीने पहले हुई लेन-देन
जांच में सामने आया है कि अमन, कुणाल का पड़ोसी और करीबी दोस्त है. उसे इस पूरी साजिश की जानकारी थी. पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की वारदात से करीब एक महीने पहले मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित के जरिए कुणाल ने अमन के बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे. इसी रकम में से 12 हजार रुपये राधा के खाते में भेजे गए थे.
क्राइम ब्रांच को शक है कि अमन के बैंक खाते का इस्तेमाल दूसरे आरोपियों और संदिग्धों को भी पैसे पहुंचाने के लिए किया गया. फिलहाल पुलिस दोनों बैंक खातों की पूरी मनी ट्रेल और लेन-देन का रिकॉर्ड खंगाल रही है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, अमन को जानकारी थी कि उसके बैंक खाते का इस्तेमाल आपराधिक साजिश के लिए किया जा रहा है. इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है.
ठाणे के कारोबारी पर मॉडल ने दर्ज कराई 3 FIR, 1.39 करोड़ की वसूली का लगाया था आरोप
