यूपी में 1.64 करोड़ महिलाएं, 73 लाख युवा वोटर छूटे:चुनाव आयोग ने इन्हें जोड़ने को कहा, गोरखपुर में 11 जिलों के DM के साथ बैठक
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची दुरुस्त करने और नए वोटरों को जोड़ने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश में करीब 1.64 करोड़ पात्र महिलाएं अभी मतदाता सूची से बाहर हैं। वहीं, करीब 73 लाख युवा ऐसे हैं, जो 1 जनवरी 2027 तक वोटर बनने की उम्र पूरी कर लेंगे। गुरुवार को गोरखपुर में 11 जिलों के डीएम और

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची दुरुस्त करने और नए वोटरों को जोड़ने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश में करीब 1.64 करोड़ पात्र महिलाएं अभी मतदाता सूची से बाहर हैं। वहीं, करीब 73 लाख युवा ऐसे हैं, जो 1 जनवरी 2027 तक वोटर बनने की उम्र पूरी कर लेंगे। गुरुवार को गोरखपुर में 11 जिलों के डीएम और पुलिस अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में इन सभी को मतदाता बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आयोग ने दोहरी प्रविष्टियों से मुक्त मतदाता सूची तैयार करने और बूथों पर सुविधाएं दुरुस्त करने पर भी जोर दिया। महिलाओं और युवाओं को जोड़ने पर आयोग का फोकस वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची के जेंडर रेशियो में सुधार पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि प्रदेश में करीब 1.64 करोड़ पात्र महिलाएं अभी मतदाता नहीं बन सकी हैं। इन्हें मतदाता सूची में शामिल करने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाए। इसी तरह करीब 73 लाख युवा ऐसे हैं, जो 1 जनवरी 2027 तक मतदाता बनने की अर्हता पूरी कर लेंगे। इन युवाओं को भी विशेष अभियान के जरिए मतदाता सूची में शामिल करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी मौजूद रहे। 11 जिलों की तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा बैठक में गोरखपुर, वाराणसी और बस्ती मंडलों के 11 जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। इसमें मतदाता सूची का पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाएं, ईवीएम और वीवीपैट की उपलब्धता, निर्वाचन कर्मचारियों की तैनाती और प्रशिक्षण जैसे बिंदु शामिल रहे। इसके अलावा कानून-व्यवस्था, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की पहचान, सुरक्षा बलों की तैनाती, मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग और चुनावी खर्च की निगरानी पर भी चर्चा हुई। पिछले चुनावों के अनुभव के आधार पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की जरूरत और तैनाती की रणनीति भी तय करने के निर्देश दिए गए। 85 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर से वोटिंग की सुविधा वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने निर्देश दिए कि 85 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को घर बैठे मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मतदाता सूचना पर्चियों का समय से वितरण और सेवा मतदाताओं को ईटीपीबीएस की सुविधा देने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। चुनाव शून्य हिंसा, शून्य प्रलोभन और शून्य त्रुटि के लक्ष्य के साथ कराया जाए। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखें। 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची, डुप्लीकेट नाम हटेंगे मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दोहरी प्रविष्टियों से मुक्त मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि और मृतक (ASDD) मतदाताओं का नियमानुसार सत्यापन कराया जाए। इसके लिए बीएलओ और सुपरवाइजर के माध्यम से टेबल टॉप एक्सरसाइज कराकर मतदाता सूची की गहन जांच की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को खुद भी सत्यापन की जांच करनी होगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होना है। इससे पहले सभी त्रुटियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। हर बूथ पर पानी, बिजली, रैंप और अलग-अलग शौचालय होंगे आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा है। इनमें पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, छाया, पर्याप्त फर्नीचर, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप शामिल हैं। मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए सड़क और सुगम रास्ते की व्यवस्था भी करनी होगी। विधानसभा चुनाव 2027 में सभी मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी। इसके लिए कैमरों की उचित व्यवस्था और निगरानी के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर नियमों की जानकारी देंगे डीएम निर्वाचन आयोग की टीम ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठकें करने के निर्देश दिए। इन बैठकों में निर्वाचन से जुड़ी गतिविधियों और आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों को भी चुनावी नियमों और प्रक्रियाओं से लगातार अपडेट रहने को कहा गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में चुनावी तैयारियों की समीक्षा चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। इससे पहले मेरठ में चार मंडलों के 18 और आगरा में पांच मंडलों के 21 जिलों की समीक्षा हो चुकी है। गोरखपुर में गुरुवार को तीन मंडलों के 11 जिलों की बैठक हुई। शुक्रवार को आजमगढ़ और विंध्याचल मंडलों के छह जिलों की समीक्षा होगी। इसके बाद लखनऊ में भी बैठक आयोजित की जाएगी।
समाचार स्रोत
यह खबर dainik bhasker category से प्राप्त जानकारी पर आधारित है।
मूल स्रोत देखें ↗
