बिहार के रोहतास जिले में कुएं से बोरे में बंद युवती का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना बड्डी थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव के पहाड़ी इलाके की है. मृतका की पहचान बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के मानी गांव निवासी मंटु पासी की बेटी लक्ष्मीना कुमारी के रूप में हुई है. मामले में पुलिस ने उसके पति पिंकू बिंद और धनजी पासी को गिरफ्तार किया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मीना कुमारी और विश्रामपुर निवासी फिलम बिंद के बेटे पिंकू बिंद के बीच प्रेम-प्रसंग था. दोनों ने परिवार की जानकारी के बिना घर से भागकर शादी की थी. शादी के बाद दोनों विश्रामपुर के पहाड़ी इलाके में एक झोपड़ी में रह रहे थे. बताया जा रहा है कि पिछले दो-तीन दिनों से लक्ष्मीना की अपने मायके के लोगों से बातचीत नहीं हो रही थी. परिवार ने उससे संपर्क करने की कई कोशिशें कीं, लेकिन जब बात नहीं हुई तो परिजन चिंतित हो गए.
यह भी पढ़ें- CEC ज्ञानेश कुमार विवाद पर राहुल गांधी को संजय सरावगी ने घेरा, JDU ने साधी चुप्पी
संपर्क नहीं हुआ तो मायके वालों ने दी पुलिस को सूचना
लक्ष्मीना से लगातार संपर्क नहीं होने के बाद उसके माता-पिता बड्डी थाना पहुंचे. उन्होंने पुलिस को आवेदन देकर बेटी के बारे में जानकारी दी और उसकी तलाश करने का अनुरोध किया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को विश्रामपुर गांव के पहाड़ी इलाके में स्थित एक कुएं के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर कुएं की जांच की.
कुएं से बोरे में बरामद हुआ शव
पुलिस ने कुएं से बोरे में बंद एक युवती का शव बरामद किया. शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई. बाद में मृतका की पहचान लक्ष्मीना कुमारी के रूप में हुई. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
हत्या की आशंका में जांच, पति समेत दो गिरफ्तार
प्रारंभिक जांच में पुलिस युवती की मौत को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका के एंगल से जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लक्ष्मीना की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को बोरे में बंद करके कुएं तक कैसे पहुंचाया गया. रोहतास एसपी मिस्टर राज के अनुसार, जांच के बाद मृतका के पति पिंकू बिंद और धनजी पासी को गिरफ्तार किया गया है. दोनों से पूछताछ जारी है.
यह भी पढ़ें- भारी बारिश के बीच बिहार में हाई अलर्ट, मुख्य सचिव ने अचानक बुलाई बैठक
