अजमेर के केकड़ी में कथित तौर पर पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए 20 साल के युवक ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर एक व्यक्ति की हत्या की साजिश रच डाली. आरोपियों ने पहले 35 वर्षीय राकेश रेगर को शराब पिलाई और फिर नशे की हालत में सुनसान रास्ते पर ले जाकर पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली. वारदात के बाद आरोपियों ने शव और मोटरसाइकिल को मौके पर ही छोड़ दिया, ताकि हत्या को सड़क हादसा समझा जाए. पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय कुमार रेगर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, मामला सावर थाना क्षेत्र के टांकावास गांव का है. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दीपावली से पहले राकेश और मुख्य आरोपी अजय के पिता सोहनलाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इस दौरान पिता की कथित बेइज्जती से नाराज अजय ने राकेश से बदला लेने की ठान ली. इसी रंजिश में उसने अपने नाबालिग दोस्त के साथ हत्या की योजना बनाई.
राजस्थान पंचायत चुनाव में हार के बाद BJP का मंथन शुरू, सरकारी योजनाओं में होगा बदलाव?
शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ले गए आरोपी
बताया गया कि 17 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे राकेश मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था. इसी दौरान अजय और उसका नाबालिग साथी उसे शराब पिलाने के बहाने अपने साथ टांकावास से नई कुई जाने वाले कच्चे रास्ते पर ले गए. वहां तीनों ने देशी शराब पी. आरोप है कि दोनों ने राकेश को ज्यादा शराब पिलाई, जिससे वह नशे में हो गया.
छाती पर भारी पत्थर पटकर उतारा मौत के घाट
पुलिस के मुताबिक राकेश जब मोटरसाइकिल से जाने लगा तो अजय ने बाइक में लात मारकर उसे नीचे गिरा दिया. इसके बाद उसकी छाती पर बैठकर करीब तीन किलो वजनी पत्थर से सीने, चेहरे और ठोड़ी पर 15 से 20 वार किए. नाबालिग साथी ने भी वारदात में उसका साथ दिया. गंभीर चोटों और अधिक खून बहने से राकेश की मौके पर ही मौत हो गई.
आरोपी हत्या के बाद शव को घटनास्थल पर छोड़कर पैदल घर चले गए. उनकी कोशिश थी कि मामला सड़क दुर्घटना लगे. राकेश के भाई नंदलाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की. मोबाइल फोरेंसिक यूनिट, एमओबी टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए. जांच में दुर्घटना के बजाय मारपीट से मौत होने की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने नामजद आरोपी अजय से पूछताछ की, जिसमें उसने नाबालिग साथी के साथ हत्या करना स्वीकार किया.
पुलिस मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को पकड़ा
पुलिस ने मुख्य आरोपी बीस साल के अजय कुमार रेगर को गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड पर लिया है. वहीं बाल अपचारी को बाल न्यायालय में पेश करने के बाद बाल सम्प्रेषण गृह भेज दिया गया. पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर गठित टीम ने यह कार्रवाई की. मामले में आगे की जांच जारी है.
चौथी बार CM बनने को तैयार अशोक गहलोत! बोले- 'आलाकमान कहेगा तो दिखावा नहीं करूंगा'

